गुजरात के खेड़ा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. मातर-तारापुर रोड पर स्थित खोडियार चौराहे के पास तेज रफ्तार कार ने एक रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी तेज थी की रिक्शा बुरी तरह से टूट गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
जानकारी के अनुसार खोडियार चौराहे के एक ईको कार ने रिक्शे को टक्कर मार दी. चीख-पुकार की आवाज सुनकर स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए दौड़े. लोगों ने जल्द ही क्षतिग्रस्त रिक्शा में फंसे लोगों को बाहर निकाला. इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए. घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
घायलों में भावनाबेन लालजीभाई रबारी को नडियाद ले जाया गया है. विक्रमभाई, अजीतभाई, तलपदा और लक्ष्मणभाई, सोमाभाई परमार को खेड़ा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जबकि प्रवीणभाई, राठौड़भाई रावल का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है. हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक कल्पेश परमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद उन्होंने सिविल अस्पताल जाकर चिकित्सकों से घायलों के उपचार की जानकारी ली और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. इस भयानक हादसे में मातर-तारापुर रोड पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ. मौके पर पहुंची मातर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को दोबारा बहाल कराया गया.
फिलहाल पुलिस ने तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस दुर्घटना के पीछे की असल वजह का पता लगाने में जुटी है. तेज रफ्तार और वाहन चालक की संभावित लापरवाही समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. सड़क हादसे के सही कारणों का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.