स्कूलों और अदालतों के बाद अब गुजरात में विधानसभा को निशाना बनाने की कोशिश की गई है. बुधवार सुबह गुजरात विधानसभा को बम से उड़ाने का एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया.
जानकारी के मुताबिक, आज सुबह करीब 9 बजे विधानसभा सचिव को एक ईमेल मिला. इस ईमेल में विधानसभा परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. जैसे ही इस धमकी की खबर मिली, सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं.
आमतौर पर विधानसभा का सत्र दोपहर 12 बजे शुरू होता है, लेकिन आज की कार्यवाही सुबह 9 बजे से ही निर्धारित थी. इस वजह से सदन में कई विधायक, मंत्री और भारी संख्या में स्टाफ मौजूद था.
धमकी मिलने के तुरंत बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पूरे विधानसभा सदन को खाली करवा लिया गया. सभी विधायकों, मंत्रियों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. मौके पर बम निरोधक दस्ता (BDDS) और पुलिस की टीमें पहुंच गईं.
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र विधान भवन को मिली बम की धमकी, बजट सत्र के बीच खाली कराई गई बिल्डिंग
पहले कोर्ट और स्कूल को भी मिली थी धमकी
बम की धमकी के बाद विधानसभा के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है. पूरी जांच के बाद ही मंत्रियों और विधायकों को वापस सदन में लौटने की अनुमति दी जाएगी. हाल के दिनों में गुजरात के स्कूलों और कोर्ट को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले थे, जो बाद में अफवाह साबित हुए.