scorecardresearch
 

एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली सरिता गायकवाड़ से 69 लाख की ठगी... रेत के कारोबार में 4 फीसदी मुनाफे का दिया लालच

एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली गुजरात की एथलीट सरिता गायकवाड़ से 69.10 लाख रुपये की धोखाधड़ी हो गई. आरोप है कि नितिन भारती नाम के शख्स ने उन्हें रेत के कारोबार में निवेश करने पर हर महीने 4 फीसदी मुनाफे का लालच दिया था. सरिता के मुताबिक, उन्होंने ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कर दिए, लेकिन इसके बाद पैसे नहीं वापस हुए.

Advertisement
X
एथलीट सरिता गायकवाड़ से ठगी. (Photo: Screengrab)
एथलीट सरिता गायकवाड़ से ठगी. (Photo: Screengrab)

खेल के मैदान में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाली गुजरात की 'गोल्डन गर्ल' सरिता गायकवाड़ के साथ ठगी की घटना सामने आई है. आरोप है कि उन्हें रेत के कारोबार में निवेश के नाम पर 69.10 लाख रुपये का चूना लगा दिया गया. एक शख्स ने दावा किया था कि उनके लगाए पैसों पर हर महीने 4 फीसदी तक मुनाफा मिलेगा. साथ ही एक साल के भीतर मूल रकम भी वापस कर दी जाएगी. इस भरोसे में आकर सरिता ने लाखों रुपये ट्रांसफर कर दिए. लेकिन जब पैसे वापस मांगने की बारी आई, तो उन्हें सिर्फ बहाने मिलने लगे. आखिरकार सरिता ने पुलिस से शिकायत की है.

यह मामला गुजरात के डांग जिले का है. शिकायत के मुताबिक, साल 2024 में सरिता गायकवाड़ की पहचान नितिन भारती नाम के शख्स से हुई थी. यह पहचान आहवा तालुका की गाढवी ग्राम पंचायत के सरपंच और सरिता के दोस्त जितेंद्रभाई के जरिए हुई थी. नितिन भारती तापी जिले के व्यारा तालुका के बोरखड़ी गांव का रहने वाला है. आरोप है कि उसने सरिता को बताया कि वह करोड़ों रुपये के रेत के कारोबार से जुड़ा हुआ है. उसने इस कारोबार में पैसा लगाने को कहा. नितिन ने भरोसा दिलाया कि जितना पैसा लगेगा, उस पर हर महीने 4 फीसदी तक मुनाफा मिलेगा. एक साल पूरा होने पर मूल रकम भी लौटा दी जाएगी.

asian games gold medalist sarita gaikwad 69 lakh investment fraud gujarat

यह भी पढ़ें: दोनों हाथ गंवा चुका दिव्यांग मांग रहा इंसाफ, पूर्व मंत्री हरक सिंह की पत्नी पर 56 लाख की धोखाधड़ी का आरोप

Advertisement

शिकायत के मुताबिक, सरिता गायकवाड़ ने नितिन की बातों पर भरोसा कर लिया. इसके बाद उन्होंने अलग-अलग लेन-देन के जरिए कुल 69.10 लाख रुपये ट्रांसफर किए. यह रकम ऑनलाइन भेजी गई थी. शिकायत के मुताबिक, जैसा वादा किया गया था, जब उसके हिसाब से पैसे नहीं मिले तो सरिता ने अपनी रकम वापस मांगी. इस पर नितिन ने कथित तौर पर बार-बार बहाने बनाए. हर बार पैसे लौटाने का भरोसा दिया गया, लेकिन रकम वापस नहीं मिली.

asian games gold medalist sarita gaikwad 69 lakh investment fraud gujarat

वादों से परेशान होकर पुलिस के पास पहुंचीं सरिता

काफी समय तक इंतजार करने के बाद सरिता ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया. वह आहवा एसओजी शाखा पहुंचीं और अपने साथ हुई कथित धोखाधड़ी की लिखित शिकायत दी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब पैसों के लेन-देन, बैंक खातों, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और इनवेस्टमेंट से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है. इन सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. डांग की एसपी पूजा यादव ने भी इस मामले को लेकर जानकारी दी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

सरिता गायकवाड़ गुजरात की जानी-मानी एथलीट हैं. उन्होंने साल 2018 में इंडोनेशिया के जकार्ता और पालेमबांग में हुए एशियन गेम्स में महिलाओं की 4x400 मीटर रिले टीम के साथ गोल्ड मेडल जीता था. इस जीत के बाद उन्हें गुजरात की 'गोल्डन गर्ल' के नाम से पहचान मिली. जिस खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी मेहनत से देश का नाम रोशन किया, अब वही धोखाधड़ी के मामले में पुलिस के पास पहुंची हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement