scorecardresearch
 

शादी के ढाई महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, परिवार बोला- बेटी की हत्या हुई है

दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में 28 वर्षीय नवविवाहिता आकृति सुतार की संदिग्ध परिस्थितियों में बिल्डिंग से गिरने के बाद मौत हो गई. शादी को अभी तीन महीने भी पूरे नहीं हुए थे. परिवार इसे हत्या बता रहा है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.

Advertisement
X
शादी 24 अप्रैल को हुई थी.(Photo: Ashutosh kumar/ITG)
शादी 24 अप्रैल को हुई थी.(Photo: Ashutosh kumar/ITG)

राजधानी दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. 28 वर्षीय आकृति सुतार की कथित तौर पर एक बिल्डिंग की छत से गिरने के बाद मौत हो गई है. घटना के बाद परिवार ने इसे हादसा या आत्महत्या मानने से साफ इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है.

मृतका आकृति सुतार की शादी इसी साल 24 अप्रैल को हुई थी. शादी को अभी तीन महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि उसकी मौत की खबर ने दोनों परिवारों को झकझोर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली में महिला की हत्या... पति ने एक्साइड बैट्री से पीट-पीटकर मारा, फिर खुद भी दे दी जान

जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि एनडीएमसी फ्लैट्स, पालिका कुंज स्थित एक इमारत से एक महिला गिर गई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल आकृति को एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

ऑफिस से निकली, फिर अचानक बंद हो गया फोन

Advertisement

परिजनों के मुताबिक आकृति दिल्ली के छतरपुर इलाके में एक प्राइवेट कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करती थी. घटना वाले दिन भी वह रोज की तरह नौकरी पर गई थी. शाम के समय परिवार की उससे फोन पर बात हुई थी.

दिल्ली

परिजनों का कहना है कि बातचीत के दौरान आकृति ने बताया था कि वह ऑफिस से निकल चुकी है और घर जा रही है. इसके कुछ देर बाद उसका मोबाइल फोन नॉट रीचेबल आने लगा. काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की.

इसी दौरान परिवार को लोधी कॉलोनी थाने से सूचना मिली कि आकृति बिल्डिंग से गिर गई थी और उसकी मौत हो चुकी है. यह खबर मिलते ही परिवार अस्पताल पहुंचा, जहां उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए.

परिवार ने पति और ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप

आकृति के परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है. उनका कहना है कि आकृति मानसिक रूप से मजबूत थी और वह आत्महत्या जैसा कदम कभी नहीं उठा सकती थी. इसलिए इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.

परिवार के मुताबिक आकृति की शादी पुष्प विहार स्थित सरकारी फ्लैट में रहने वाले लेबर डिपार्टमेंट के एक सेक्शन ऑफिसर के बेटे से हुई थी. शादी के बाद से वह अपने ससुराल में रह रही थी. अब परिजन पति और ससुराल वालों की भूमिका की जांच की मांग कर रहे हैं.

Advertisement

परिवार का कहना है कि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आनी चाहिए और यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. फिलहाल परिवार न्याय की मांग कर रहा है.

दिल्ली

पुलिस बोली- हर पहलू की जांच जारी

दिल्ली पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 4 जुलाई को लोधी कॉलोनी थाना क्षेत्र के एनडीएमसी फ्लैट्स, पालिका कुंज में 28 वर्षीय आकृति घायल अवस्था में मिली थीं. उन्हें एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने बताया कि आकृति की शादी 24 अप्रैल 2026 को हुई थी और वह छतरपुर में सेल्स एग्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत थीं. मामले में बीएनएसएस की धारा 196 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है तथा एसडीएम को इनक्वेस्ट की प्रक्रिया के लिए सूचित किया गया है.

पुलिस का कहना है कि फिलहाल घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement