NEET पेपर लीक मामले और देश में बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ कॉकक्रोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन सोमवार को और उग्र हो गया. 20 जुलाई 2026 को संसद मार्च के दौरान संसद मार्ग के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई. इस दौरान पत्थरबाजी में दिल्ली पुलिस का एक सब-इंस्पेक्टर घायल हो गया. घायल सब-इंस्पेक्टर ने बताया, हम बैरिकेड्स के पास खड़े थे. उसी दौरान उनकी तरफ से पत्थरबाजी की गई. घटना के बाद मौके पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई.
इस बीच CJP के नेता अभिजीत दिपके ने ढाई दिन बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया. पार्टी प्रवक्ता सौरभ दास ने दावा किया कि सरकार की ओर से जेपी नड्डा उनसे बातचीत करने के लिए सहमत हो गए हैं. CJP के संसद मार्च के समर्थन में देशभर से छात्र, प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थी और उनके माता-पिता 19 जुलाई की शाम से ही दिल्ली के जंतर-मंतर पर जुटने शुरू हो गए थे. बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए.
दिल्ली में संसद मार्च के दौरान तनाव बढ़ा
संसद का मॉनसून सत्र चलने के कारण इस प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस और खुफिया एजेंसियां पहले से ही पूरी तरह अलर्ट थीं. जंतर-मंतर और संसद मार्ग के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया था.
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुआ टकराव
प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प और पत्थरबाजी के बाद पूरे घटनाक्रम पर पुलिस की नजर बनी हुई है. वहीं CJP का कहना है कि वह NEET पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे पर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखेगी.