scorecardresearch
 

मसूरी के होटल में पति ने ही किया था इंजीनियर पत्नी का मर्डर? एक महीने बाद दिल्ली से हुआ गिरफ्तार

मसूरी होमस्टे मर्डर मामले में पुलिस ने मृतका के पति की संलिप्तता के पुख्ता सबूत पाए, जिसके बाद उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है. पहले आरोपी पुलिस को गुमराह कर रहा था, लेकिन मृतका के पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की.

Advertisement
X
मृतका के पिता ने दामाद पर हत्या के आरोप लगाए हैं. (Photo- ITG)
मृतका के पिता ने दामाद पर हत्या के आरोप लगाए हैं. (Photo- ITG)

मंसूरी-धनोल्टी रोड पर स्थित एक होमस्टे में दिल्ली की महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. घटना के एक महीने बाद पुलिस ने मृतका के पति को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

गिरफ्तार आरोपी दिल्ली की एक IT कंपनी में काम करता है. देहरादून पुलिस ने मसूरी के न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत से आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट हासिल किया था. इसके बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर उसे पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके से धर दबोचा.

दरअसल पिछले साल 8 नवंबर 2025 को मृतका पी. राधा गायत्री (27) की शादी हुई थी. दिल्ली में रहने वाली गायत्री भी एक आईटी कंपनी में काम करती थीं. वो पिछले महीने अपने पति का जन्मदिन मनाने के लिए मसूरी आई थीं. लेकिन 15 जून की सुबह होमस्टे के कमरे में फर्श पर उसका शव बरामद हुआ था.

उस समय पति ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी. उसने बयान दिया था कि 15 जून की रात करीब 3:30 बजे दोनों शराब पीने के बाद सोने चले गए थे. सुबह जब उसकी आंख खुली, तो उसने अपनी पत्नी को मृत पाया. हालांकि, घटनास्थल के हालात कुछ और ही कहानी बयां कर रहे थे.

Advertisement

बेडशीट पर खून के धब्बे और संदिग्ध हालात

पुलिस के मुताबिक, 'महिला का शव बिना कपड़ों के फर्श पर पड़ा हुआ मिला था. बेडशीट पर खून के धब्बे थे. कमरे से शराब की दो खाली बोतलें और खाने-पीने का सामान भी बरामद किया गया था.' 

यह भी पढ़ें: मसूरी के होटल में मृत मिली गुरुग्राम की IT कर्मचारी, खून के धब्बों से बढ़ा रहस्य

इस संदिग्ध मौत के बाद मृतका के पिता पी. सुधाकर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बेटी की मौत की गहराई से जांच करने की मांग की थी. परिजनों ने शुरू से ही दामाद पर हत्या का शक जताया था, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.

पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में पति की संलिप्तता के पुख्ता संकेत मिले हैं. इसी आधार पर गैर-जमानती वारंट लेकर ये गिरफ्तारी की गई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement