नवरात्रि को देखते हुए नगर निगम (MCD) ने सख्त कदम उठाए हैं. नगर निगम ने नवरात्र के दौरान मंदिरों के आसपास की मांस की दुकानें पूरी तरह बंद रखने का आदेश जारी किया है. इस दौरान दिल्ली के सभी रामलीला स्थलों और प्रमुख पूजा स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के आदेश दिए हैं.
नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्षा सत्या शर्मा ने एमसीडी कमिश्नर को खास निर्देश दिए हैं. इसके तहत सभी जोनल डिप्टी कमिश्नर्स को अपने-अपने इलाकों के मंदिरों और रामलीला स्थलों का निरीक्षण करने के लिए कहा गया है.
सत्या शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रामलीला मैदानों, मंदिरों और उनके आसपास के इलाकों की रेगुलर सफाई की जाए. इसके अलावा, आयोजनों स्थलों पर पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान रखे जाएं और कचरे का समय पर उठाया जाए.
'साफ-सफाई को पहली तरजीह...'
उन्होंने कहा, 'नवरात्र और रामलीला समारोह के दौरान जिन स्थानों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं, वहां खास सफाई के इंतजाम की व्यवस्था की जरूरत होती है. अधिकारियों को ये ध्यान देना चाहिए कि साफ-सफाई को पहली तरजीह दी जाए.'
मच्छर जनित बीमारियों पर रोक के निर्देश
अध्यक्ष ने अधिकारियों को ये भी निर्देश दिए हैं कि वो मंदिरों और आयोजनों के आसपास मच्छर पनपने से रोकने के लिए लार्वा रोधी उपाय और फॉगिंग करवाएं. उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जानी चाहिए और साफ-सफाई से जुड़ी किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जाना चाहिए.
यह भी पढ़ें: राम मंदिर के 15 किमी दायरे में नॉन-वेज की डिलीवरी पर लगी रोक, राम पथ से हटाई गईं मांस की दुकानें
त्योहारों के इन दिनों में मंदिरों और रामलीला स्थलों पर भारी भीड़ उमड़ती है, जिसके चलते इन इलाकों में साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की जरूरतें काफी बढ़ जाती हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए जोनल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वो पूरे नवरात्र के दौरान लगातार निरीक्षण करते रहें.