scorecardresearch
 

मालवीय नगर अग्निकांड: 22 जिंदगियां निगलने वाली आग का सच तलाशेगी IIT दिल्ली, फरार आरोपी जय मिश्रा ने कोर्ट में किया सरेंडर

दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे बीएंडबी अग्निकांड मामले में फरार आरोपी जय मिश्रा ने साकेत कोर्ट में सरेंडर कर दिया है. इस हादसे में 22 लोगों की मौत हुई थी. पुलिस पहले ही होटल मालिक और रसोइए को गिरफ्तार कर चुकी है. अब आग के तेजी से फैलने के कारणों की जांच के लिए आईआईटी दिल्ली से इमारत का अध्ययन कराया जाएगा.

Advertisement
X
मालवीय नगर अग्निकांड में शॉर्ट सर्किट का दावा. (Photo: PTI)
मालवीय नगर अग्निकांड में शॉर्ट सर्किट का दावा. (Photo: PTI)

दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे बीएंडबी अग्निकांड मामले में जांच लगातार आगे बढ़ रही है. इस बीच मामले में फरार चल रहे आरोपी जय मिश्रा ने साकेत कोर्ट में सरेंडर कर दिया है. पुलिस इस मामले में पहले ही दो लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. वहीं अब दिल्ली पुलिस ने हादसे के कारणों और आग के तेजी से फैलने की वजहों को समझने के लिए आईआईटी दिल्ली की मदद लेने का फैसला किया है. 

जानकारी के मुताबिक, होटल मालिक लवकेश बजाज होटल का लाइसेंस जय मिश्रा के नाम पर लेता था. जांच में यह भी सामने आया है कि होटल और संपत्ति के दैनिक संचालन में जय मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका थी. इसी आधार पर पुलिस उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है. जय मिश्रा के सरेंडर के बाद अब जांच एजेंसियों को उससे पूछताछ करने का मौका मिलेगा.

इससे पहले पुलिस होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर चुकी है. उसके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या समेत कई गंभीर आरोपों में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का आरोप है कि होटल संचालन में कई नियमों की अनदेखी की गई थी. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने होटल के रसोइए केशव नेगी को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि आग रसोइए की लापरवाही से लगी हो सकती है. हालांकि केशव नेगी ने इस दावे को चुनौती दी है. उन्होंने साकेत कोर्ट में जमानत याचिका दायर की है और कहा है कि उन्हें इस मामले में बलि का बकरा बनाया जा रहा है.

Advertisement

होटल मालिक और रसोइए की पहले ही हो चुकी है गिरफ्तारी

केशव नेगी का दावा है कि आग उनकी लापरवाही से नहीं बल्कि शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी. उन्होंने अदालत में कहा है कि जांच एजेंसियां उन्हें गलत तरीके से जिम्मेदार ठहरा रही हैं. दूसरी तरफ पुलिस अभी भी अपनी जांच में लापरवाही के एंगल को खंगाल रही है. ऐसे में आग लगने के वास्तविक कारणों को लेकर जांच जारी है. बता दें, मालवीय नगर के हौजरानी इलाके में स्थित फ्लोरिश स्टे बीएंडबी में 3 जून की सुबह करीब साढ़े 8 बजे भीषण आग लग गई थी. आग कुछ ही समय में पांच मंजिला संकरी इमारत में फैल गई थी. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है. मृतकों में 13 विदेशी नागरिक भी शामिल थे. इस हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था.

जांच में यह भी सामने आया है कि होटल को दिल्ली सरकार की बेड एंड ब्रेकफास्ट नीति के तहत सिर्फ छह कमरों के संचालन की अनुमति मिली थी. लेकिन वहां 25 कमरे संचालित किए जा रहे थे. इनमें से कुछ कमरे बेसमेंट में भी बनाए गए थे. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि नियमों के कथित उल्लंघन ने हादसे की गंभीरता को बढ़ाने में कोई भूमिका निभाई या नहीं. मालवीय नगर पुलिस स्टेशन में इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें धारा 105 (गैर इरादतन हत्या), धारा 326(G) (आग या विस्फोटक पदार्थों से क्षति), धारा 324(5) (क्षति पहुंचाने वाली शरारत), धारा 125(A) और 125(B) (जीवन या सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कृत्य) तथा धारा 287 (आग या ज्वलनशील पदार्थों का लापरवाही से संचालन) शामिल हैं.

Advertisement

मालवीय नगर अग्निकांड में IIT दिल्ली की होगी एंट्री

इस बीच दिल्ली पुलिस ने जांच को और वैज्ञानिक तरीके से आगे बढ़ाने का फैसला किया है. पुलिस जल्द ही इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी दिल्ली (IIT)  को पत्र लिखेगी. आईआईटी दिल्ली की विशेषज्ञ टीम होटल की इमारत के स्ट्रक्चर का अध्ययन करेगी और यह पता लगाएगी कि आग इतनी तेजी से पूरी बिल्डिंग में कैसे फैल गई. विशेषज्ञ यह भी जांच करेंगे कि इमारत की संरचना में ऐसी कौन सी परिस्थितियां थीं जिनकी वजह से आग ने कुछ ही समय में पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया.

पुलिस को उम्मीद है कि आईआईटी दिल्ली की तकनीकी रिपोर्ट से हादसे के वास्तविक कारणों और आग के फैलाव से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों का पता चल सकेगा. फिलहाल जय मिश्रा के सरेंडर, रसोइए की जमानत याचिका और आईआईटी दिल्ली की प्रस्तावित जांच के बाद यह मामला नए मोड़ पर पहुंच गया है. अब सभी की नजर पुलिस जांच और विशेषज्ञों की रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे इस भीषण अग्निकांड की पूरी तस्वीर सामने आ सके.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement