बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलिन फर्नांडीस की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई टल गई है. सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा ने इस मामले की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया है.
जस्टिस प्रशांत मिश्रा ने इसके पीछे की वजह बताते हुए कहा कि इस विवाद से जुड़े एक दूसरे मामले में उनका बेटा वकील के तौर पर शामिल है, इसलिए वे नैतिक रूप से इस केस की सुनवाई नहीं कर सकते है.
अब इस मामले की सुनवाई आगामी 24 जून को सुप्रीम कोर्ट की एक दूसरी बेंच करेगी.
क्यों सुप्रीम कोर्ट पहुंचीं जैकलिन?
महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग और ठगी मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलिन फर्नांडीस ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. उन्होंने निचली अदालत के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है. इस याचिका के जरिए अभिनेत्री ने खुद के खिलाफ तय हुए इन गंभीर आरोपों से राहत पाने की गुहार लगाई है.
इससे पहले पटियाला हाउस कोर्ट ने बीती 30 मई को एक बड़ा आदेश जारी किया था. कोर्ट ने अपने फैसले में जैकलिन फर्नांडीस, मुख्य आरोपी सुकेश चंद्रशेखर, उसकी पत्नी लीना पॉलोस और 14 अन्य लोगों के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत गंभीर आरोप तय करने का आदेश दिया था. इसके बाद से जैकलिन फर्नांडीस की मुश्किलें बढ़ गईं.