मंगलवार रात 10 बजकर 17 मिनट पर भारत समेत दुनियाभर के कई हिस्सों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. बता दें कि तुर्कमेनिस्तान, भारत, कजाकिस्तान, पाकिस्तान, तजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, चीन, अफगानिस्तान और किर्गिस्तान में भूकंप की वजह से धरती हिलने के मामले रिपोर्ट किए गए.
दिल्ली-NCR में भूकंप के झटके काफी तेज महसूस किए गए थे. हाईराइज सोसाइटीज में रहने वाले लोग तुरंत ही घरों से बाहर आ गए थे. इन झटकों के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों के स्वस्थ होने की कामना की.
पूरे दिल्ली NCR में भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए गए। आशा करता हूँ कि आप सभी सुरक्षित होंगे।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal)
पूरे उत्तर भारत में मंगलवार रात को भूकंप के झटके महसूस किए गए. उत्तरकाशी गंगा घाटी और यमुनाघाटी में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. उत्तराखंड के देहरादून चमोली और मसूरी में भी भूकंप के झटकों से लोग दहशत में आ गए.
पंजाब के मोगा, बठिंडा, मानसा, पठानकोट, जांलधर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए और लोग घरों से बाहर निकल आए. इसके साथ ही गुरदासपुर और होशियारपुर में भी भूकंप से धरती दहली. वहीं, उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, सहारनपुर और शामली में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए. राजस्थान के जयपुर में भी भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई.