scorecardresearch
 

दिल्ली के साकेत हादसे में अबतक 6 मौत, बिल्डिंग मालिक पर FIR, दो इंजीनियर सस्पेंड

दिल्ली के साकेत-महरौली में बिल्डिंग गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई. रविवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मौके का दौरा कर मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए. मामले में एमसीडी के दो इंजीनियर सस्पेंड किए गए हैं, जबकि पुलिस फरार बिल्डिंग मालिक कर्मवीर जेलदार की तलाश में जुटी है.

Advertisement
X

दिल्ली के साकेत-महरौली इलाके में हुए दर्दनाक बिल्डिंग हादसे में 6 लोगों की मौत हो चुकी है. जान गंवाने वाले सभी लोगों की पहचान कर ली गई है. रविवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुद हादसे वाली जगह का दौरा किया. इसके बाद सरकार ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं, वहीं लापरवाही के आरोप में नगर निगम के दो इंजीनियरों को भी तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है. जबकि पुलिस ने बिल्डिंग मालिक कर्मवीर जेलदार के खिलाफ FIR दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है.

मलबे से रेस्क्यू टीमों ने कुल 14 लोगों को बाहर निकाला था. इनमें 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हुए हैं. मरने वालों में कोचिंग से जुड़े छात्र और पास की टिन शेड कैंटीन चलाने वाली पार्वती भी शामिल हैं. हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. वीडियो में दिख रहा है कि बिल्डिंग गिरने से कुछ सेकंड पहले सड़क पर ईंट-पत्थर गिरने लगे थे. इसके तुरंत बाद पूरी इमारत भरभराकर गिर गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को साकेत मेट्रो स्टेशन के पास हादसे वाली जगह का निरीक्षण किया. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, उन्होंने कहा कि पूरे मामले की आपराधिक और मजिस्ट्रेट जांच कराई जाएगी, ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके.

लापरवाही पर बड़ा एक्शन, दो इंजीनियर सस्पेंड

Advertisement

हादसे के बाद एमसीडी ने असिस्टेंट इंजीनियर सुदेश सिंह चौहान और जूनियर इंजीनियर अमन जैन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. पुलिस ने महरौली थाने में गैर-इरादतन हत्या समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है. मिली जानकारी के मुताबिक हादसे के समय 5 से 7 मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था.

पुलिस अब फरार बिल्डिंग मालिक कर्मवीर जेलदार की तलाश में कई जगह छापेमारी कर रही है. वहीं, एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कुछ घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि बाकी का इलाज जारी है. दक्षिण जिला प्रशासन की निगरानी में जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि निर्माण नियमों में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement