scorecardresearch
 

दिल्ली पुलिस ने पकड़ी 20 करोड़ की कोकीन, 2 विदेशी महिलाएं गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए 20 करोड़ रुपये की कोकीन बरामद की है. मामले में दो विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब पूरे ड्रग्स नेटवर्क की जांच कर रही है.

Advertisement
X
बरामद की गई 20 करोड़ रुपये की कोकीन के पैकेट. (Photo: ITG)
बरामद की गई 20 करोड़ रुपये की कोकीन के पैकेट. (Photo: ITG)

दिल्ली पुलिस ने मुंबई से दिल्ली-NCR तक फैले एक अंतरराज्यीय कोकीन तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया है. हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से दो नाइजीरियाई महिलाओं को गिरफ्तार किया गया. उनके पास से 2.288 किलो कोकीन बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है. अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

दरअसल, 31 जुलाई को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर दिल्ली पुलिस की रेलवे यूनिट गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिस की नजर सामान लेकर घूम रही दो संदिग्ध महिलाओं पर पड़ी. दोनों की गतिविधियां असामान्य लगीं, जिसके बाद उन्हें रोककर पूछताछ की गई. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तलाशी ली गई तो एक महिला के सामान से 11 पैकेट मिले.

बरामद पैकेटों की जांच के लिए क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (Forensic Science Laboratory) के विशेषज्ञों को बुलाया गया. जांच में पुष्टि हुई कि सभी पैकेटों में कोकीन थी. कुल 2.288 किलो कोकीन बरामद हुई. पुलिस के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 20 करोड़ रुपये है. इसके बाद हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन थाने में NDPS Act की धारा 21(3) और 29 के तहत FIR दर्ज की गई.

Advertisement

दोनों आरोपी नाइजीरिया के नागरिक

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 43 वर्षीय चीकांसो जेम्स और 41 वर्षीय हैप्पीनेस ओकोये के रूप में हुई है. दोनों नाइजीरिया के नागरिक हैं. फिलहाल, पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में चीकांसो जेम्स ने बताया कि कोकीन दिल्ली के विकासपुरी इलाके से ली गई थी. इस सुराग के बाद जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है. पुलिस अब उस सप्लायर की तलाश कर रही है, जिसने यह खेप उपलब्ध कराई थी. साथ ही, दोनों आरोपियों के पासपोर्ट भी जब्त कर लिए गए हैं.

दिल्ली पुलिस सिर्फ बरामदगी तक सीमित नहीं रहना चाहती. जांच एजेंसियां अब यह पता लगा रही हैं कि इस रैकेट से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं. पैसों का लेनदेन कैसे हुआ, ड्रग्स कहां से लाई गई, किसे पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन लोग हैं, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस अंतरराज्यीय नेटवर्क की आगे और पीछे की हर कड़ी खंगाल रही है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement