सुबह-सुबह दिल्ली-एनसीआर का मौसम पूरी तरह बदल गया है. तेज हवाओं और कड़कड़ाती बिजली के साथ हुई झमाझम बारिश ने जहां तपिश से राहत दी है, वहीं सुबह-सुबह घर से निकलने वालों के लिए मुश्किलें भी खड़ी कर दी हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही इस बदलाव का अनुमान जताया था.
सुबह करीब 5 बजे से ही आसमान में काले बादल छा गए और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई. अगर आप ऑफिस के लिए निकल रहे हैं या बच्चों को बोर्ड या अन्य परीक्षाओं के लिए ले जा रहे हैं, तो सामान्य समय से कम से कम 20-30 मिनट पहले निकलें.
पिछले कुछ दिनों से ही दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश का दौर जारी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आज आसमान में आम तौर पर बादल छाए रहेंगे. सुबह के समय हल्की बारिश के साथ गरज-बिजली और 30-40 kmph की तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 50 kmph तक पहुंच सकती है.
सुबह से शाम के बीच भी हल्की बारिश के एक-दो दौर, गरज-बिजली और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी. वहीं, आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 25°C से 27°C और न्यूनतम तापमान 15°C से 17°C के बीच रहने का अनुमान है.
जानें आने वाले दिनों का मौसम?
IMD के मुताबिक, 21 मार्च 2026 को भी दिल्ली-एनसीआर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा. दिल्ली-एनसीआर में कल अधिकतम तापमान 28°C से 30°C और न्यूनतम तापमान 14°C से 16°C के बीच रहने का अनुमान है.
न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब (-1.5°C से 1.5°C) रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे (-1.6°C से -3.0°C) दर्ज होने की संभावना है.
22 मार्च को भी आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे, लेकिन आने वाले दिनों में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं जताई गई है.
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है. इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.