scorecardresearch
 

दिल्ली के नजफगढ़ में पुलिस एनकाउंटर, 2 लाख के इनामी बदमाश समेत 2 शूटर गिरफ्तार

दिल्ली में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई. कई मामलों में आरोपी 2 लाख रुपए का इनामी कॉन्ट्रैक्ट किलर रोहित लांबा घायल हो गया. पुलिस ने उसके साथी ऋतिक ठाकुर को भी गिरफ्तार कर लिया है. हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी.

Advertisement
X
झाड़ियों में छिपी पिस्तौल निकालकर पुलिस पर चलाई गोली, जवाबी फायरिंग में घायल. (Photo: Representational)
झाड़ियों में छिपी पिस्तौल निकालकर पुलिस पर चलाई गोली, जवाबी फायरिंग में घायल. (Photo: Representational)

दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में सोमवार को पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई. इस कार्रवाई में 2 लाख रुपए का इनामी बदमाश और कॉन्ट्रैक्ट किलर रोहित लांबा उर्फ अमित उर्फ मोहित घायल हो गया. पुलिस ने उसके साथी ऋतिक ठाकुर को भी गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस के मुताबिक, रोहित लांबा कई गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी है. वो हत्या, हत्या की कोशिश और लूट के एक दर्जन से ज्यादा मामलों में शामिल रहा है. पुलिस उसे एक शातिर कॉन्ट्रैक्ट किलर के तौर पर भी तलाश कर रही थी. पुलिस को 28 जून को खास जानकारी मिली थी.

दिल्ली पुलिस को हत्या की कोशिश के एक मामले की जांच के दौरान इनपुट मिला था कि रोहित लांबा और ऋतिक ठाकुर शक्ति नगर एक्सटेंशन इलाके में छिपे हुए हैं. पुलिस टीम ने सोमवार सुबह करीब 6 बजे इलाके में छापा मारा. कार्रवाई के दौरान रोहित ने भागने की कोशिश करने लगा.

पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया. पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान रोहित लांबा ने खुलासा किया कि उसने घासीपुरा में ओल्ड ककरोला ड्रेन रोड के पास एक अवैध बंदूक छिपाकर रखी है. इसके बाद पुलिस टीम उसे हथियार बरामद करने के लिए मौके पर लेकर गई.

Advertisement

डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (द्वारका) कुशल पाल सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे जब पुलिस टीम हथियार बरामदगी के लिए पहुंची, तभी रोहित ने झाड़ियों में छिपी हुई पिस्तौल निकाल ली. वो भागने की कोशिश करने लगा. इतना ही नहीं पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. 

इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे सरेंडर करने की चेतावनी दी. लेकिन जब उसने गोलीबारी जारी रखी तो पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी. इस दौरान सब-इंस्पेक्टर दीपक शर्मा ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें रोहित लांबा के दाहिने पैर में गोली लग गई. 

पुलिस टीम ने उसे तुरंत काबू में किया और उसके पास मौजूद हथियार को जब्त कर लिया. घायल रोहित को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने बताया कि इस पूरी कार्रवाई में कोई पुलिसकर्मी या मौके पर मौजूद कोई अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ.

पुलिस ने मौके से एक अवैध पिस्तौल, एक मैगजीन, चार जिंदा कारतूस और तीन खाली कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस के मुताबिक, इनमें से एक गोली आरोपी ने चलाई थी, जबकि दो गोलियां पुलिस की तरफ से चलाई गई थीं. इस मामले में नजफगढ़ थाने में केस दर्ज किया गया है. 

पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराए लगाई हैं. पुलिस अब आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और गैंग कनेक्शन की जांच कर रही है. रोहित लांबा के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, साथियों और गैंग से जुड़े संबंधों की भी जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement