scorecardresearch
 

विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे CM अरविंद केजरीवाल, पहुंचे जनता के बीच

समय से पहले चुनाव कराए जाने की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल चुनावी मोड में आ गए हैं और जमीनी दौरे शुरू कर दिए हैं. केजरीवाल ने शनिवार सुबह देवली विधानसभा की विभिन्न कॉलोनियों में घर-घर जाकर समस्याएं सुनीं, पानी की समस्या दूर करने का वादा किया .

Advertisement
X
जनता की समस्याएं सुनते मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल
जनता की समस्याएं सुनते मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल

लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सातों सीटों पर मिली करारी मात के बाद अब सत्ताधारी आम आदमी पार्टी की नजर राज्य की सत्ता बचाने पर है. अगले साल विधानसभा चुनाव में भाजपा से कड़ी चुनौती का मिलने का अंदेशा आम आदमी पार्टी के मुखिया केजरीवाल को भी है. पार्टी अभी से ही चुनाव की तैयारियों में जुट गई है.

समय से पहले चुनाव कराए जाने की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल चुनावी मोड में आ गए हैं और जमीनी दौरे शुरू कर दिए हैं. केजरीवाल ने शनिवार सुबह देवली विधानसभा की विभिन्न कॉलोनियों में घर-घर जाकर समस्याएं सुनीं, पानी की समस्या दूर करने का वादा किया और अधिकारियों को फटकार लगाई.

अरविंद केजरीवाल ने पानी की आपूर्ति के लिए इलाके में पाइप लाइन डालने का आदेश दे दिए जाने का दावा करते हुए कहा कि यह कार्य दो माह के अंदर शुरू हो जाएगा. हमारी कोशिश है कि चार महीने के अंदर पाइप लाइन का कार्य पूरा कर आप सबके घरों में भी टोंटी से सोनिया विहार के पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाए. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी पद यात्रा के दौरान दो प्राइवेट बोरवेल भी पकड़े. मुख्यमंत्री ने दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों को दोनों बोरवेल अपने कब्जे में लेने, पानी की चोरी करने वाले ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया.

Advertisement

स्थानीय लोगों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पानी के प्राइवेट टैंकर, जल बोर्ड के टैंकर वाले के पैसे लेने की शिकायतें मिलीं. मुझे पता चला है कि पानी के सरकारी टैंकर यहां काफी कम आते हैं. लोगों को सरकारी टैंकर वालों को भी पैसा देना पड़ता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन समस्याओं का समाधान करने मैं खुद आया हूं. दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों को आदेश दे दिया है कि लोग जितने टैंकर कहेंगे, उतने मिला करें.

जनता से इन बिंदुओं पर ली जानकारी

अपनी पदयात्रा के दौरान अरविंद केजरीवाल ने लोगों से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी ली. उन्होंने पूछा कि जब पानी के सरकारी टैंकर नहीं आते, तब किस तरह से प्राइवेट टैंकर मंगवाते हो? क्या कोई खास नंबर है, जिस पर फोन करने से प्राइवेट टैंकर वाले पानी ले आते हैं? प्राइवेट टैंकर के पानी के लिए कितने पैसे देने पड़ते हैं? मुख्यमंत्री ने साथ चल रहे जल बोर्ड के अधिकारियों को पानी की चोरी करने वाले टैंकर माफियाओं के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए.

Advertisement
Advertisement