छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में देर रात एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे लोगों को सन्न कर दिया. शहर के अभिलाषा परिसर स्थित ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में एक प्रेमी जोड़ा तीन मंजिला इमारत से नीचे गिरा मिला. तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर जब लोग घरों से बाहर निकले, तो सामने का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए. युवक और युवती खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे.
इस घटना की खबर फैली तो अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवती की हालत गंभीर बनी हुई है. उसका इलाज अस्पताल में जारी है.
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. बताया जा रहा है कि युवक और घायल युवती के बीच प्रेम संबंध थे. दोनों देर रात बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर पार्टी करने पहुंचे थे.
यह भी पढ़ें: 'अंग्रेजी स्टाइल में प्यार करूंगी...',पलंग से बांधकर गर्लफ्रेंड ने बनाए संबंध, फिर केरोसिन डालकर जिंदा जलाया
पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या पहले दोनों ने शराब पी, फिर संबंध बने, फिर नीचे गिरे. पुलिस को छत से शराब की बोतल, कुछ कपड़े और अन्य सामान बरामद हुआ है. युवक जब नीचे गिरा तो वह अंडरवीयर और बनियान में था. इन चीजों ने मामले को और रहस्यमय बना दिया.

अनुमान लगाया जा रहा है कि पहले छत पर दोनों ने शराब पी. इसके बाद किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ होगा. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह आत्महत्या थी, कोई हादसा था या फिर कोई और वजह है. घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जायजा लिया. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. साथ ही, फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, युवती के होश में आने के बाद ही इस मामले की असली तस्वीर सामने आ सकेगी. उसके बयान से ही पता चल सकेगा कि आखिर छत पर क्या हुआ था. युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वहीं, पुलिस परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है. फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.