अपने गठबंधन सहयोगी जनता दल-यूनाइटेड (जेडीयू) के साथ दूरी की खबरों को खारिज करते हुए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने मंगलवार को कहा कि बिहार की गठबंधन सरकार को कोई खतरा नहीं है.
बीजेपी प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा, 'बिहार में जेडीयू और बीजेपी गठबंधन सरकार लोगों की अपेक्षाओं पर बेहतर प्रदर्शन कर रही है और वर्तमान में गठबंधन को कोई खतरा नहीं है.'
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमलों और बीजेपी को प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी इस वर्ष के अंत तक जाहिर करने की समय सीमा देने के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में दरार के अनुमान व्यक्त किए जा रहे थे.
हुसैन ने कहा कि नीतीश ने अपने भाषण में नरेंद्र मोदी का नाम तक नहीं लिया.