scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: दिल्ली में हुए सीजेपी के तिरंगा मार्च का नहीं है ये वीडियो

हाथ में तिरंगा लिए लोगों के भारी हुजूम का एक वीडियो दिल्ली में हुए कॉकरोच जनता पार्टी के तिरंगा मार्च का बताकर शेयर किया जा रहा है. लेकिन पड़ताल में ये पटना का पुराना वीडियो निकला.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये दिल्ली में 16 अक्टूबर को हुए सीजेपी के तिरंगा मार्च का वीडियो है.
सोशल मीडिया यूजर्स
सच्चाई
ये वीडियो 19 अगस्त का है, और पटना में हुए RJD के मार्च को दिखाता है.

कॉकरोच जनता पार्टी ने 16 अक्टूबर को ‘लहरा दो तिरंगा’ के नारे के साथ तिरंगा मार्च का आह्वान किया था. इसके मद्देनजर दिल्ली में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई और अभिजीत दिपके मार्च के लिए जैसे ही घर से निकले, उन्हें दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया. 

अब दिल्ली का बताकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग हाथ में तिरंगा लिए नजर आ रहे हैं. इस भीड़ में एक बस भी दिखाई दे रही है, जिस पर लोग चढ़े हुए हैं और उनके हाथों में देश का झंडा नजर आ रहा है.

लोग इसे दिल्ली में 16 अक्टूबर को हुए तिरंगा मार्च का वीडियो बताकर शेयर कर रहे हैं. इसे इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, “देश को फिर से आजाद होने की जरूरत है.”

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो पटना में 19 अगस्त को हुए आरजेडी के मार्च का है.

कैसे पता लगाई सच्चाई?

वीडियो को गौर से देखने पर इसमें पीछे की तरफ एक साइनबोर्ड नजर आता है, जिस पर गांधी मैदान की डायरेक्शन लिखी हुई है. कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें इससे मिलता-जुलता 19 अगस्त का एक इंस्टाग्राम वीडियो मिला. इस पर लिखा है - “तेजस्वी यादव डिटेन, कार्यकर्ताओं ने बस को किया हाईजैक.”

Advertisement

दरअसल आरजेडी ने बेरोजगारी, पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर 19 अगस्त को राजभवन तक मार्च का ऐलान किया था. इस मार्च में बड़ी संख्या में आरजेडी कार्यकर्ता तिरंगा लेकर पहुंचे थे. इसी दौरान तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया गया था. आजतक की रिपोर्ट में देखा जा सकता है कि तेजस्वी को जिस बस में हिरासत में लिया गया, वो ‘अमन ट्रैवल्स’ की वही बस है जो वायरल वीडियो में नजर आ रही है. इसके बाद आरजेडी कार्यकर्ताओं ने बस को घेर लिया था.

इसके अलावा वायरल वीडियो में ‘BiharNews27’ का एक रिपोर्टर बस में मौजूद लोगों से बात करता नजर आता है. इस चैनल पर भी इस रैली की कवरेज  मौजूद है, जिसमें वही बस और उस पर चढ़े लोग साफ देखे जा सकते हैं.

साफ है कि दिल्ली में सीजेपी के तिरंगा मार्च का बताकर वायरल हो रहा वीडियो असल में 19 अगस्त को बिहार में हुए आरजेडी के मार्च का है.

इसके अलावा एक और वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि ये सीजेपी के आह्वान पर 16 अक्टूबर को हुए मार्च का वीडियो है. लेकिन सच्चाई ये है कि ये वीडियो भी 19 अगस्त का और पटना का ही है.

Advertisement

दिल्ली में 16 अक्टूबर की सुबह आम आदमी पार्टी ने  200 फुट के तिरंगे के साथ एक यात्रा निकाली थी. पुलिस ने अभिजीत और नेहा बोरा को हिरासत में ले लिया था. हालांकि इसके बावजूद लोगों ने कनॉट प्लेस में अलग-अलग जगह तिरंगा मार्च निकाला .

---- समाप्त ----
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement