scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: चीन में उमड़ी भीड़ की पुरानी तस्वीर को गुजरात में सुनीता केजरीवाल की रैली का बताकर किया जा रहा शेयर

सुनीता केजरीवाल के रोड शो में उमड़ी भीड़ की एक कथित तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गई है. इसे शेयर करने वालों की मानें तो ये तस्वीर अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ गुजरात में सुनीता केजरीवाल के रोडशो में जुटी भीड़ की है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये तस्वीर अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ गुजरात में सुनीता केजरीवाल के रोडशो में उमड़े भारी जनसैलाब की है.
सोशल मीडिया यूजर्स
सच्चाई
ये तस्वीर सुनीता केजरीवाल की रैली की नहीं, बल्कि चीन के गुआंगजौ प्रांत में ओलिम्पिक टॉर्च के स्वागत में उमड़ी भीड़ की है.

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने 2 मई को गुजरात में आदमी आदमी पार्टी (AAP) उम्मीदवारों के समर्थन में रोड शो किया. उन्होंने ये रोड शो भरूच और भावनगर लोकसभा सीट के ‘आप’ उम्मीदवारों के समर्थन में किये. इन दोनों ही सीटों पर ‘आप’ ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया अलायंस’ की तरफ से उम्मीदवार उतारे हैं.


इसी बीच, सुनीता के रोड शो में उमड़ी भीड़ की एक कथित तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गई है. इसे शेयर करने वालों की मानें तो ये तस्वीर अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ गुजरात में सुनीता केजरीवाल के रोडशो में जुटी भीड़ की है.  

एक ‘एक्स’ यूजर ने वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा, “अरविंद केजरीवाल जी की साज़िशन गिरफ्तारी के खिलाफ सड़कों पर उतरी गुजरात की जनता सुनीता केजरीवाल जी के Road Show में उमड़ा जनसैलाब. जनता ने मन बना लिया है, इस बार 'जेल का जवाब वोट से'.” ऐसे ही एक पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि वायरल तस्वीर गुजरात में सुनीता केजरीवाल के रोड शो में शामिल लोगों की नहीं, बल्कि चीन के गुआंगजौ प्रांत में ओलिम्पिक टॉर्च के स्वागत में उमड़े जनसैलाब की है.

Advertisement

कैसे पता लगाई सच्चाई?

वायरल तस्वीर को रिवर्स सर्च करने पर ये हमें कई न्यूज रिपोर्ट्स में मिली जिसे वहां चीन के गुआंगजौ प्रांत का बताया गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये तस्वीर तब ली गई थी जब शहर में ओलिम्पिक टॉर्च के स्वागत में भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी.

ये तस्वीर हमें फोटो शेयरिंग साइट ‘फ्लिकर’ पर भी मिली, जिसे वहां 13 मई, 2008 को शेयर किया गया था. वहां दी गई जानकारी के मुताबिक ये तस्वीर स्टीव जुर्वेटसन ने ली थी. साथ ही बताया गया है कि ये तस्वीर, गुआंगजौ में तब ली गई थी जब वहां से ओलिम्पिक टॉर्च गुजर रही थी. इस भीड़ में शामिल लोग, ओलिम्पिक टॉर्च के स्वागत, और एक दिन पहले चीन के दूसरे प्रांत सिचुआन में भूकंप में मारे गए हजारों लोगों के प्रति शोक-संवेदना जताने के लिए जुटे थे.  

ये तस्वीर हमें और भी कई मीडिया रिपोर्ट्स में मिली जिन्हें यहां ) और यहां  देखा जा सकता है.
सुनीता केजरीवाल की गुजरात रैली के वीडियो आप नीचे देख सकते हैं, जो कि वायरल तस्वीर वाले नजारे की तुलना में काफी अलग  हैं.

 

 


साफ है, चीन के गुआंगजौ प्रांत में उमड़ी भीड़ की एक पुरानी तस्वीर को गुजरात में सुनीता केजरीवाल की हालिया रैली का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है.  
 

---- समाप्त ----
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Advertisement