टीवी एक्ट्रेस और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर उर्फी जावेद अपने यूनीक फैशन स्टाइल को लेकर सुर्खियों में तो रहती ही हैं. मगर साथ ही साथ उनकी कॉस्मेटिक जर्नी के भी चर्चे रहते हैं. उर्फी ने अपने चेहरे को सुंदर बनाने के लिए कई सारी कॉस्मेटिक ट्रीटमेंट कराए थे.
उर्फी जावेद के कई सारे फोटो-वीडियो वायरल रहते थे जिसमें उनका चेहरा सूजा हुआ नजर आता था. कई एक्सपर्ट्स मानते थे कि फिलर्स कराने की वजह से उनका ऐसा हाल होता था. उनपर जो ट्रीटमेंट किया जा रहा था, उसका बुरा असर पड़ रहा था. उर्फी ने 9 सालों बाद अपने चेहरे पर हुए सभी फिलर्स हटवा भी दिए थे, जिससे कई लोगों का शक यकीन में बदला था.
उर्फी का सूजा हुआ चेहरा
अब काफी समय बाद उर्फी ने अचानक अपनी फिलर्स ट्रीटमेंट और सूजे हुए चेहरे का सच बताया है. इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर एक्ट्रेस ने समझाया कि उनका चेहरा फिलर्स की वजह से नहीं, बल्कि स्ट्रेस और एलर्जी से सूजता था. वीडियो में एक्ट्रेस ने 1.5 साल पहले अपने सूजे हुए चेहरे की फोटो शेयर करके सारी बात समझाई.
उर्फी ने कहा- ये मेरी 1.5 साल पहले की तस्वीर है, जब लोग कह रहे थे कि मेरा चेहरा फिलर्स से खराब हो गया है. उस समय मेरा चेहरा हाई कॉर्टिसोल लेवल और स्ट्रेस की वजह से सूजा हुआ दिख रहा था. जो लोग कहते थे कि मैंने फिलर्स करवाए हैं या कोई कॉस्मेटिक ट्रीटमेंट कराया है, उन्हें बता दूं कि मैंने ऐसा कुछ नहीं करवाया था.
'मेरा चेहरा सिर्फ सूज गया था. मुझे बिल्लियों से एलर्जी भी है, और मेरे घर में तीन बिल्लियां हैं. धीरे-धीरे मुझे समझ आया कि मेरी परेशानी की वजह यही सब चीजें थीं. पहले जब भी मैं डॉक्टर्स के पास जाती थी, वो इसे साइनस की दिक्कत बताते थे, लेकिन कोई भी सही तरीके से ये नहीं समझ पाया कि असली समस्या क्या है. जब तक मुझे इसका पता चला, तब तक मेरे घर में तीन बिल्लियां आ चुकी थीं.'
उर्फी ने आगे बताया कि उन्होंने अपने चेहरे से फिलर्स निकलवाने के बाद वर्कआउट करना शुरू कर दिया है. उन्होंने घर से बिल्लियां भी हटा दी है. वो खुद की डाइट भी अच्छी कर चुकी हैं, जिससे उनका चेहरा अब और अच्छा और खूबसूरत बन चुका है. वो इस समय इम्यूनोथैरेपी भी करा रही हैं. फैंस भी उर्फी के इस नए रूप से खुश दिखे हैं.