एक दौर था जब टीवी पर आने वाले सास-बहू शो देखने के लिए बेताबी रहती थी. सीरियल की कहानी घरेलू होती थी, जिससे हर कोई उससे जुड़ा हुआ फील करता था. पर आज कल के सास-बहू सीरियल अपनी मर्यादा भूल चुके हैं. सीरियल की कहानी में संस्कार कम और फूहड़पन ज्यादा होता है. कलर्स टीवी का शो 'महादेव एंड संस' भी सुर्खियों में है. शो के लेटेस्ट एपिसोड में जो कुछ दिखाया गया है, उससे दर्शक गुस्से में नजर आ रहे हैं.
विवादों में 'महादेव एंड संस'
'महादेव एंड संस' में शक्ति आनंद, गरविता साधवानी और स्नेहा वाघ लीड रोल में हैं. शो पर घरेलू हिंसा को रोमांस बनाकर दिखाने का आरोप लगा है. नए एपिसोड में लीड एक्टर धीरज, रज्जी को थप्पड़ मारता है. उसे धक्का देता है. बर्फ से भरी बाल्टी में फेंकता है. बेड पर जबरदस्ती रोमांस करता है, जिससे वहां रखे गर्म प्रेस से उसका हाथ जल जाता है. रज्जी चीख रही है, लेकिन धीरज उसकी एक नहीं सुनता है. धीरज ने रज्जी से ये भी कहा कि उसके मन में उसके लिए कोई फीलिंग है. अगर कुछ है, तो सिर्फ नफरत.
शो में रोमांस के नाम पर एक महिला को घरेलू हिंसा का शिकार होते दिखाया, जिसे देखकर दर्शकों का गुस्सा सातवें आसमान पर है. एक ने लिखा कि घरेलू हिंसा को रोमांस बताया जा रहा है. दूसरे ने लिखा कि मुझे आज जो दिखा उस पर यकीन नहीं होता. कई यूजर्स ने कहा कि ऐसी हरकत करने वाले को जेल में होना चाहिए. कुछ ने लिखा कि यकीन नहीं होता कि वही आदमी था जिसने उसे बचाया था.
यूजर्स ने प्रोड्यूसर को खरीखोटी सुनाते हुए लिखा कि प्रोड्यूसर पुराने समय के मधुबाला जैसी शो की महिमा में जी रहे हैं. तब जमाना अलग था. अब लोग जागरूक हो चुके हैं. वो सामाजिक गलतियों, टॉक्सिक रिश्तों और फैमिली डायनामिक्स को स्वीकार नहीं करते हैं. शो में जो दिखाया गया वो रोमांस नहीं अत्याचार है. कई लोगों ने ये भी कहा कि टीआरपी के लिए सैकड़ों परिवारों को गंदगी दिखाना गलत है. टीआरपी के लालच में गिरो मत.
शो की बात करें, तो महादेव एंड संस पहले भी विवादों में रह चुका है, जब एक्ट्रेस मानसी साल्वी ने शो छोड़ दिया था. मामला तब बढ़ गया जब मानसी ने प्रोड्यूसर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की घोषणा की. FPJ से बात करते हुए उन्होंने कहा, हम प्रोड्यूसर के खिलाफ मानहानि का केस दायर कर रहे हैं क्योंकि उन्होंने तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया.