‘द कपिल शर्मा शो’ टेलीविजन-ओटीटी का बड़ा शो बन चुका है, जिसके हर सीजन का फैन्स को इंतजार रहता है. शो पर कपिल शर्मा और उनकी टीम वहां आने वाले मेहमानों पर जोक्स मारकर पब्लिक को हंसाती है. सच कहें तो अगर किसी का मूड ऑफ है, तो कपिल शर्मा शो देखकर ठीक हो जाता है. अब कॉमेडियन कीकू शारदा ने कपिल शर्मा शो को लेकर बड़ा खुलासा किया है.
स्क्रिप्टेड होता है शो
कीकू शारदा ने कंटेंट क्रिएटर प्रखर गुप्ता को दिए इंटरव्यू में खुलासा किया कि कपिल शर्मा शो का ज्यादातर हिस्सा स्क्रिप्टेड होता है. कीकू ने कहा- शो में आने वाले मेहमानों को पहले से जोक्स या पंचलाइन नहीं बताई जाती है. अगर ऐसा करेंगे, तो उनका ऑरिजनल रिएक्शन नहीं आ पाएगा. हमें असली रिएक्शन चाहिए होता है. हम नहीं चाहते कि मेहमानों को पंचलाइन, जोक्स या किरदारों के बारे में पहले से मालमू हो.
उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि गेस्ट स्टेज पर पहली बार उन किरदारों का अनुभव करें, क्योंकि तभी ओरिजनल रिएक्शन सामने आते हैं. एक स्क्रिप्ट होती है, लेकिन शूटिंग के दौरान बातचीत करके उसे एडजस्ट किया जाता है. स्क्रिप्ट राइटर दखलअंदाजी नहीं करते हैं.
कीकू शारदा ने कहा, मोटे तौर पर एक स्क्रिप्ट होती है और हम उसको फॉलो भी करते हैं, लेकिन एक हद तक. कभी-कभी उस पर टिके रहना मुश्किल होता है, क्योंकि कोई सेलिब्रिटी बातचीत को बिल्कुल नई डायरेक्शन में ले जाते हैं. कई बार उस पल में कोई अलग विचार मन में आता है और आप इम्प्रोवाइज करते हैं.
कॉमेडियन कहते हैं कि मैं कहूंगा कि ये करीब 70-30 का रेशियो है. लगभग शो 70 प्रतिशत स्क्रिप्ट के अनुसार होता है, जबकि 30 प्रतिशत पूरी तरह से अचानक या सिचुएशन के हिसाब से होता है.
उन्होंने कहा कि कपिल शर्मा मौके पर ही चीजों को संभालने में उस्ताद हैं. जब कोई मजाक काम नहीं करता तो क्या होता है. या शो की डायरेक्शन बदल जाती है, तो कपिल उसे ट्रैक पर लाकर चीजें संभालते हैं.
कीकू शारदा को हाल ही में वेलकम टू द जंगल में देखा गया. वो समय रैना के शो पर बतौर गेस्ट भी नजर आए थे.