स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे इन दिनों बुरी तरह फंसे हुए हैं. अपने शो पर लाइव ऑडियंस संग बातचीत के दौरान कुछ ऐसे मोमेंट्स सोशल मीडिया पर वायरल हुए जिसे देख कई लोगों का गुस्सा फूटा. एक लड़के हिमांशु जांगड़ा ने 370 रुपये की बिरयानी के बदले लड़की से कुछ वसूलने की बात कही, जिसपर प्रणित निशाना बने. फिर एक लड़की ने डेड बॉडी के प्राइवेट पार्ट्स पर जोक किया, जिसके बाद ये विवाद और भी भड़क गया.
प्रणित मोरे और उन लोगों के खिलाफ महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है, जिन्होंने ऐसी अश्लील बातें सोशल मीडिया पर फैलाई हैं. अपने बढ़ते विवाद को देखते हुए कॉमेडियन ने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने सभी लोगों से माफी मांगी. प्रणित ने कहा कि वो अपनी गलती सुधारने का एक और मौका चाहते हैं.
प्रणित के सपोर्ट में कुनिका का बयान
प्रणित की माफी को उनकी बिग बॉस 19 की को-कंटेस्टेंट कुनिका सदानंद ने स्वीकार किया है. एक्ट्रेस ने कॉमेडियन के सपोर्ट में कुछ बातें लिखी हैं, जिसमें वो उम्मीद कर रही हैं कि कॉमेडियन को भी लोग माफ करें. कुनिका ने लिखा- हर इंसान से गलती होती है, लेकिन हर किसी में अपनी गलती स्वीकार करने की हिम्मत नहीं होती. प्रणित तुम एक अच्छे इंसान हो और तुम्हारे संस्कार भी अच्छे हैं. मगर जैसा कि मैं हमेशा कहता हूं, रोस्टिंग या क्राउड वर्क करते समय कई बार इंसान बहक जाता है, खासकर तब जब सामने लोग हंस रहे हों और प्रतिक्रिया दे रहे हों.
'मुझे उम्मीद है कि लोग तुम्हें माफ करेंगे. साथ ही, मैं ये भी उम्मीद करता हूं कि लोगों की महिलाओं और लड़कियों को लेकर सोच में बदलाव आएगा. इस सोच के लिए सिर्फ तुम जिम्मेदार नहीं हो, बल्कि ये एक ऐसी मानसिकता है जो पीढ़ियों से चली आ रही है और जिसमें महिलाओं को गलत नजरिए से देखा जाता रहा है. भगवान तुम्हारा भला करे. मुझे पूरा भरोसा है कि तुम जल्द ही शानदार कंटेंट के साथ वापसी करोगे. मजबूत रहो और अपनी सोच को सही दिशा में बनाए रखो.'
कुनिका के अलावा प्रणित को और भी कई सारे लोगों ने, खासतौर से लड़कियों ने सपोर्ट किया है. कॉमेडियन के अलावा हिमांशु जांगड़ा ने भी माफी मांगी है, जिसके कमेंट्स से पूरा सोशल मीडिया इस समय नाराज दिखा है.