बॉलीवुड में कुछ दोस्तियां ऐसी होती हैं, जो वक्त के साथ और भी गहरी हो जाती है. अनिल कपूर और सतीश कौशिक की दोस्ती भी वैसी ही थी. अनिल कपूर और सतीश कौशिक की दोस्ती दूसरों के लिए मिसाल थी. दोनों के बीच एक ऐसा रिश्ता था, जिसमें प्यार, अपनापन और एक दूसरे के लिए काफी सम्मान था. अब अनिल कपूर से अपने उस दोस्त को याद करते हुए उनसे जुड़ी कई दिलचस्प बातें शेयर की. टीवी शो इंडिया के टॉप 1% द अनिल कपूर शो के अपकमिंग एपिसोड में सतीश कौशिक की यादों से जुड़ा एक भावुक पल देखने को मिलेगा.
शो में पहुंचे एक कंटेस्टेंट गगन का चेहरा सतीश कौशिक से काफी मिलता है. बातचीत के दौरान गगन ने बताया कि लोग उनके चेहरे की तुलना दिवंगत एक्टर सतीश कौशिक से करते हैं. उन्होंने सतीश कौशिक से अपनी मुलाकात का भी जिक्र किया. गगन ने बताया कि टीवी शो 'सुमित संभाल लेगा' की शूटिंग के दौरान दिल्ली में उनकी मुलाकात सतीश कौशिक से हुई थी.
अनिल ने शेयर की सतीश से जुड़े भावुक बातें
गगन की बातें सुनकर अनिल कपूर को अपने दोस्त सतीश कौशिक की याद आ गई. इसके बाद उन्होंने एक्टर से जुड़ी कई बातें शेयर कीं. अनिल उस दौरान काफी भावुक नजर आए. उन्होंने कहा- उनके साथ मेरा रिश्ता कैसा था, इसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता. अगर ये शूट 70 मिनट का भी होता, तो भी उनकी कहानियां सुनाने के लिए काफी नहीं होता. वो मुझसे कहा करते थे, तेरा टैलेंट लाजवाब है.' अनिल ने बताया कि वो प्यार से सतीश को डैनी डेविटो बुलाते थे.
अनिल ने बातचीत के दौरान बताया कि दोनों को फिल्म ट्विन्स बहुत पसंद थी और दोनों अक्सर साथ में जुड़वा भाइयों की भूमिका निभाने के बारे में सोचते थे. अनिल ने कहा, 'मेरा अगर कोई जुड़वा भाई बन सकता है, तो वो सिर्फ सतीश था, क्योंकि उसको मेरे बारे में हर चीज पता थी मेरा गुस्सा, मेरी खुशी, हर चीज. वो मुझे बहुत अच्छे से जानता था.'
गगन ने दोहराया सतीश कौशिक का डायलॉग
अनिल कपूर और गगन ने साथ मिलकर सतीश कौशिक के मशहूर डायलॉग को दोहराया, 'मेरा नाम है कैलेंडर, मैं चला किचन के अंदर!' गगन के इस डायलॉग के बाद वहां मौजूद सभी लोग हंस देते हैं. गगन के इस अंदाज से पर अनिल कपूर खुश हो जाते है और कहते हैं, आपने मेरा दिल जीत लिया है. इसके बाद अनिल मजाकिया अंदाज में दर्शकों से बोलते हैं कि अगर किसी के पास फिल्म बनाने के लिए पैसे हों तो उन्हें जुड़वा भाइयों पर फिल्म बनानी चाहिए और उसमें उन्हें और गगन को कास्ट करना चाहिए.
बता दें कि इंडिया के टॉप 1% द अनिल कपूर शो हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे प्रशारित होता है.