कावेरी जल-बंटवारे के विवाद को लेकर बढ़ते तनाव के बीच कर्नाटक में एक्टर और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की फिल्म 'जन नायगन' की स्क्रीनिंग रोक दी गई है. कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण (CWMA) के तमिलनाडु को पानी छोड़ने के निर्देश के बाद विरोध-प्रदर्शन तेज हो गए, जिसके चलते एहतियात के तौर पर थिएटरों ने शो रद्द कर दिए, वहीं मांड्या में कन्नड़-समर्थक समूहों ने कुछ थिएटरों में हंगामा किया.
बेंगलुरु में संपिगे थिएटर ने एहतियात के तौर पर दिन के सभी निर्धारित शो रद्द कर दिए. थिएटर कर्मचारियों ने विजय के पोस्टर हटा दिए, जबकि कुछ पोस्टरों को अन्य पोस्टरों से ढक दिया गया ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई. श्रीरामपुरा पुलिस ने गश्त बढ़ा दी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में तमिल-भाषी आबादी वाले इलाकों में अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया.
कर्नाटक के मांड्या में कावेरी मुद्दे पर विरोध-प्रदर्शन तेज होने के साथ ही कन्नड़-समर्थक कार्यकर्ताओं ने 'जन नायगन' के प्रचार बैनर हटा दिए.
आखिर क्यों हो रहा विरोध?
ये विरोध-प्रदर्शन तब शुरू हुए जब CWMA ने कावेरी जल विनियमन समिति (CWRC) की उस सिफारिश को बरकरार रखा जिसमें कर्नाटक को अगले 15 दिनों तक तमिलनाडु के लिए प्रतिदिन 3,500 क्यूसेक पानी छोड़ने का निर्देश दिया गया था. किसान समूहों और कन्नड़ संगठनों ने इस आदेश का विरोध करते हुए तर्क दिया कि कर्नाटक खुद पानी की कमी का सामना कर रहा है और पानी छोड़ने से राज्य के किसानों पर बुरा असर पड़ेगा.
मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने घोषणा की कि कर्नाटक सरकार CWMA के निर्देश के खिलाफ अपील करेगी. इसके जवाब में, तमिलनाडु के कानून मंत्री सीटीआर निर्मल कुमार ने शुक्रवार को कहा कि सरकार कावेरी जल में अपना हिस्सा हासिल करने के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख करेगीच.
इस बीच, कर्नाटक फिल्म चैंबर ने फिल्म उद्योग पर शो रद्द होने के असर पर चर्चा करने के लिए एक बैठक बुलाई है.
एच विनोथ के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में 260 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है, जिसमें तमिलनाडु और बेंगलुरु का अहम योगदान रहा है. कर्नाटक में फिल्म की स्क्रीनिंग रोके जाने से 'जन नायगन' के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में और गिरावट आने की संभावना है.
विजय की आखिरी फिल्म
'जन नायगन' विजय की आखिरी फिल्म है क्योंकि वह अब अपना ध्यान अपने पूर्णकालिक राजनीतिक करियर पर केंद्रित कर रहे हैं. एच विनोथ द्वारा निर्देशित इस पॉलिटिकल एक्शन ड्रामा में पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, प्रकाश राज, गौतम वासुदेव मेनन और नारायण भी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त शुरुआत की, लेकिन समीक्षकों और दर्शकों से इसे मिले-जुले से लेकर नेगेटिव रिव्यू मिले.