'लॉक अप' में इस समय हाईवोल्टेज ड्रामा चल रहा है. बीते एपिसोड में एक बड़ा ट्विस्ट देखने को मिला. शो से बाहर हो चुके कंटेस्टेंट्स योगेश रावत और हर्षद चोपड़ा की लॉक अप में फिर से एंट्री हो गई है. इसी के साथ सूफी मोतीवाला और धीरज धूपर शो से बाहर हो गए.
लॉक अप से बाहर हुए सूफी
दरअसल, हर्षद और योगेश को मौका दिया गया था कि वो किसी एक कंटेस्टेंट को चुनें. अगर वो उनसे टास्क जीतेंगे तो शो में उनकी वापसी हो जाएगी और हारने वाला बाहर हो जाएगा. हर्षद ने सूफी को चैलेंज किया था. सूफी टास्क में हर्षद से हार गए, जिसके बाद उन्हें शो से बाहर का होना पड़ा.
लेकिन जाने से पहले सूफी ने अपनी जिंदगी से जुड़े 3 बड़े दर्दनाक खुलासे किए, जिन्हें सुनकर हर कोई इमोशनल होता नजर आया. सूफी ने अपने ट्रॉमैटिक कॉलेज के दिनों को याद किया, जब वो किसी पीजी में रहते थे.
PG में हुई गंदी हरकत
सूफी बोले- मैं जब कॉलेज में था. मेरा रूममेट रात में मेरे बेड के सामने बैठकर मुझे देखता था. उसने फिर मेरे साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की. उसने मुझे Kiss किया तो मैंने उसे धक्का दे दिया था. मैं डरकर अपने पीजी के मालिक के पास भाग गया था. मैंने रूममेट की उनसे शिकायत की, लेकिन उन्होंने मुझे बोला- तू उसके साथ क्या सो रहा है, मेरे साथ सो जा. इसकी वजह से मुझे उस दिन 12 घंटे तक बाथरूम में बंद होना पड़ा था. सूफी ने बताया कि अभी तक उन्हें बाथरूम का ट्रॉमा है.
सूफी को किस बात का पछतावा?
सूफी ने ये भी बताया कि जब वो घर से दूर पढ़ाई करते थे, तब उनकी दादी ने उन्हें कॉल किया था, जिसे उन्होंने पिक नहीं किया. फिर दो दिन बाद दादी का निधन हो गया. इसके बाद उनके घरवालों ने उन्हें उनकी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने नहीं दिया था, जिसका उन्हें पछतावा है.
सूफी ने आगे बताया कि उनकी दादी उनके लिए 50 हजार रुपये छोड़कर गई थीं. उन पैसों से उन्होंने मोबाइल खरीदकर कंटेंट क्रिएशन का काम शुरू किया था. सूफी ने कहा कि वो आज जहां भी पहुंचे हैं अपनी दादी की वजह से पहुंचे हैं. अपने सीक्रेट्स बताकर सूफी रो पड़े. बाकी कंटेस्टेंट्स की भी आंखें नम हो गईं.