इंटरनेट की दुनिया के दो सबसे बड़े धुरंधर भारत के मशहूर यूट्यूबर कैरी मिनाटी (अजय नागर) और दुनिया के नंबर वन कंटेंट क्रिएटर मिस्टर बीस्ट (जिमी डोनाल्डसन) ने मिलकर सोशल मीडिया पर एक ऐसा धमाका किया है, जो इस वक्त काफी वायरल है. इन दोनों दिग्गज क्रिएटर्स ने हाल ही में इंटरनेट पर तहलका मचाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी के वायरल 'Melodi' (मेलोडी) वीडियो को बेहद मजाकिया अंदाज में रीक्रिएट किया है.
कैरीमिनाटी द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया यह वीडियो क्लिप अपलोड होते ही वायरल हुआ और कुछ ही घंटों में इसे करोड़ों व्यूज मिल गए.
दोनों क्रिएटर्स ने वीडियो में फूंक दी जान
यह बात हर कोई जानता है कि भारत में 'मेलोडी' मीम को लेकर सोशल मीडिया पर कितनी दीवानगी है. इसी बात को ध्यान में रखते हुए कैरी मिनाटी और मिस्टर बीस्ट ने अपने पैरोडी वीडियो में ओरिजिनल क्लिप की पूरी एनर्जी और हाव-भाव को हूबहू उतार दिया है.
वीडियो में कैरीमिनाटी बेहद खुश और मुस्कुराते हुए चेहरे के साथ फ्रेम में आते हैं, जबकि उनके ठीक बगल में बैठे मिस्टर बीस्ट अपनी उसी चिर-परिचित अंदाज में कैमरे के सामने वैसे ही एंगल बनाते दिख रहे हैं, जिसने असल वीडियो को यादगार बनाया था. कैरी ने इस पोस्ट के कैप्शन में बड़े ही मजाकिया लहजे में लिखा, 'बाहर के दोस्तों को गिफ्ट देते रहना चाहिए.' उनका यह कैप्शन इंटरनेट पर चल रहे इसी मीम ट्रेंड की ओर एक मजेदार इशारा था.
क्या है असली 'Melodi' मीम की कहानी?
जो लोग इस पूरे मामले से अनजान हैं, उन्हें बता दें कि इस मीम की शुरुआत भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के एक असल वीडियो से हुई थी. अपनी हालिया रोम (Rome) यात्रा के दौरान मेलोनी के ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया गया था, जिसमें दोनों नेता भारत की एक बेहद पुरानी और मशहूर टॉफी 'मेलोडी' का रैपर पकड़े नजर आए थे, जिसने तुरंत ही पूरे देश का ध्यान खींच लिया.
'बीस्ट गेम्स सीजन 2' में दिखेंगे कैरी मिनाटी
कैरी मिनाटी और मिस्टर बीस्ट का साथ आना सिर्फ इसी वीडियो तक सीमित नहीं है. इससे पहले फरवरी 2026 में मिस्टर बीस्ट ने खुद यह बड़ा एलान किया था कि कैरी मिनाटी उनके बेहद लोकप्रिय और बड़े बजट वाले शो 'बीस्ट गेम्स सीजन 2' का एक खास हिस्सा होने वाले हैं.
आपको बता दें कि यह शो मिस्टरबीस्ट के रिकॉर्ड तोड़ने वाले YouTube वीडियो '456,000 Squid Game in Real Life' से प्रेरित है. इस खतरनाक और बड़े स्तर के रियलिटी शो में प्रतिभागी विशाल सेट्स पर बनाई गई बेहद कठिन चुनौतियों को पार करने की कोशिश करते हैं, और जीतने वाले को 5 मिलियन डॉलर (करीब 41 करोड़ रुपये) का इनाम मिलता है, जो कि टीवी और रियलिटी शो के इतिहास की सबसे बड़ी नकद इनामी राशि है.