हाल ही में मुंबई के जुहू इलाके में एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर बाइक सवार हमलावरों ने फायरिंग की थी. एक्टर फुटबॉल खेलकर अपनी कार से लौट रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. इस घटना में टाइगर बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर घायल हो गए. फायरिंग की घटना के बाद टाइगर के परिवार और दोस्तों की चिंता बढ़ गई. टाइगर पर फायरिंग की घटना के अगले ही दिन जैकी श्रॉफ एक समारोह में नजर आए.
जैकी मुंबई में दिवंगत गायक और संगीतकार बप्पी लाहिड़ी के नाम पर रखे गए मार्ग के नामकरण समारोह में शामिल हुए. इस कार्यक्रम में उनके साथ सुनील शेट्टी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद थे. जैकी इस दौरान अपने हाथ में एक पौधा लिए नजर आए. उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत कार्यक्रम में पहुंचे अन्य लोगों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं. टाइगर पर हमले के बाद जैकी पहली बार किसी सार्वजनिक समारोह में नजर आए. मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, कार्यक्रम में जैकी श्रॉफ और देवेंद्र फडणवीस के बीच टाइगर पर हुए हमले को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई.
सुनील शेट्टी ने टाइगर श्रॉफ के साथ हुई घटना पर दुख जताया. उन्होंने कहा, “पूरी दुनिया टाइगर और जैकी दादा से प्यार करती है. अगर उनके साथ इस तरह की घटना हो सकती है, तो किसी के साथ भी ऐसा हो सकता है. टाइगर खेल और एक्सरसाइज पर इतना ध्यान देता है. मुझे समझ ही नहीं आ रहा कि उसके साथ ऐसा क्यों हुआ. ऐसे में हम सभी के लिए सुरक्षित रहना बेहद जरूरी है. जैकी दादा मेरे बचपन के दोस्त हैं. मैं चाहता हूं कि सब कुछ जल्द ही ठीक हो जाए. मुझे इस बात की राहत है कि टाइगर सुरक्षित है. इस घटना में उसके ड्राइवर को गोली लगी थी और वह फिलहाल ठीक हो रहा है.”
18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की कार पर हमलावरों ने फायरिंग की थी. उस समय टाइगर जुहू में फुटबॉल मैच खेलने के बाद अपनी कार से लौट रहे थे. उनके साथ फुटबॉल खेलने वाले एक्टर करणवीर मेहरा ने भी घटना से जुड़ा अपना अनुभव साझा किया. उन्होंने बताया कि वह टाइगर की कार के पीछे अपनी कार चला रहे थे. फायरिंग के बाद उन्होंने खून के निशान देखे थे.
बता दें कि फायरिंग की घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर से मुलाकात की थी. इस मुलाकात का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें टाइगर के हाथ और छाती पर पट्टियां दिखाई दी थीं.