पाकिस्तान की हसीना हानिया आमिर जिस भी प्रोजेक्ट का हिस्सा बनती हैं, वो सुर्खियों में आ जाता है. भले ही वो इंडियन फिल्म 'सरदारजी 3' हो या उनका पाकिस्तानी ड्रामा-सीरियल 'मेरी जिंदगी है तू'. हानिया का सीरियल इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन चुका है. एक वजह ये है कि शो का नया एपिसोड अभी तक स्ट्रीम नहीं हुआ है. दूसरी वजह इसकी कहानी.
क्यों ट्रेंड कर रहा हानिया का सीरियल?
हानिया आमिर का सीरियल 'मेरी जिंदगी है तू', जिसमें वो बिलाल अब्बास के साथ नजर आ रही हैं, अपनी टॉक्सिक लव स्टोरी को दर्शाए जाने की वजह से ट्रेंड कर रहा है. सीरियल में दो प्यार करने वाले आयरा और कमियर की कहानी दिखाई गई है, जिसमें आयरा एक मेडिकल स्टूडेंट, तो कमियर एक अमीर बिजनेसमैन है. कमियर को आयरा पसंद है, लेकिन आयरा उसे प्यार नहीं करती. नतीजा, वही जो आमतौर पर फिल्मों में देखा जाता है.
कमियर जबरदस्ती आयरा की जिंदगी में लाने की कोशिश करता है, जिससे आयरा भी धीरे-धीरे प्यार में पड़ने लगती है. फैंस इसी बात पर सवाल उठा रहे हैं. उनका मानना है कि सीरियल कमियर के किरदार को टॉक्सिक होने के बावजूद, रोमांटिक दिखा रहा है. उनके मुताबिक, ये चीज गलत है. सीरियल के मेकर्स टॉक्सिक रिलेशनशिप को बेहद आम दिखाकर गलती कर रहे हैं. इस सीरियल ने पाकिस्तानी ड्रामा पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
फैंस को है हानिया के सीरियल से नाराजगी
हानिया का शो 'मेरी जिंदगी है तू' यूट्यूब पर स्ट्रीम होता है, जिसे इंडिया में भी काफी देखा जाता है. लोग इसके नए एपिसोड का इंतजार कर करके थक चुके हैं. इस शो की पॉपुलैरिटी काफी ज्यादा है. ऐसे में नए एपिसोड की डिमांड काफी देखी गई है. फैंस हानिया से एपिसोड के बारे में पूछ-पूछकर थक चुके हैं.
बात करें हानिया आमिर की पर्सनल लाइफ के बारे में, तो कुछ वक्त पहले उनकी सिंगर आसिम अजहर संग शादी की खबरों ने जोर पकड़ा हुआ था. हानिया का एक वीडियो भी वायरल था जिसमें वो शादी टाइप माहौल में आसिम के साथ नाच-गा रही थीं. लेकिन वो वीडियो हानिया की बर्थडे पार्टी का निकला, जिसका थीम शादी रखा गया था. इस खबर ने उनके फैंस को बड़ी राहत दिलाई थी.