छोटे पर्दे का मशहूर क्राइम शो 'क्राइम पेट्रोल' सालों से दर्शकों का पसंदीदा रहा है. इस शो में दिखाई जाने वाली सच्ची घटनाओं ने हमेशा लोगों को झकझोर कर रख दिया है. वैसे तो इस शो के हजारों एपिसोड प्रसारित हो चुके हैं, लेकिन कुछ कड़ियां ऐसी रहीं जिन्होंने व्यूअरशिप के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए. ऐसा ही एक कारनामा सोनी टीवी के 'क्राइम पेट्रोल डायल 100' के एपिसोड 25 ने कर दिखाया है.
इस खास एपिसोड को यूट्यूब पर अब तक 231 मिलियन (23 करोड़ से ज्यादा) व्यूज मिल चुके हैं. 'दांव पेंच' (Dav-Pech) नाम की यह कहानी पुणे की सच्ची घटना पर आधारित है, जिसका मुख्य केंद्र मशहूर क्रिमिनल वकील सुरेन गोखले है. इस एपिसोड के सस्पेंस और एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर के खूनी खेल ने दर्शकों को इस कदर बांधा कि यह टीवी इतिहास के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले एपिसोड्स में शुमार हो गया.
क्या थी इस एपिसोड की अनोखी कहानी?
'दांव पेंच' नाम के इस एपिसोड में एक ऐसे नामी क्रिमिनल लॉयर की जिंदगी को दिखाया गया है, जो अदालतों में तो बड़े-बड़े मुकदमों के दांव-पेंच खेलता था, लेकिन उसकी पर्सनल लाइफ बेहद उलझी हुई थी. इस सफल वकील का अपनी ही असिस्टेंट के साथ एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर चल रहा था. कहानी में मोड़ तब आता है, जब एक दिन अचानक इस वकील को रास्ते से हटाने के लिए उस पर जानलेवा हमला किया जाता है.
हमलावर वकील पर गोली चलाते हैं, लेकिन निशाना चूक जाता है और गोली वहां से गुजर रही एक बेकसूर महिला को लग जाती है. इस हादसे में उस महिला की जान चली जाती है और उसकी मासूम बच्ची हमेशा के लिए अनाथ हो जाती है. इस घटना के बाद पूरी कहानी इस रहस्य के इर्द-गिर्द घूमती है कि आखिर एडवोकेट गोखले की जान का दुश्मन कौन था? क्या इस साजिश के पीछे उनका अवैध संबंध था या कोई और पुरानी रंजिश?
पुलिस की जांच और पत्नी पर शक
इस कत्ल और जानलेवा हमले की गुत्थी सुलझाने का जिम्मा पुलिस इंस्पेक्टर अजय ठाकुर और उनकी टीम को मिलता है. जांच की शुरुआत में ही पुलिस को यह साफ हो जाता है कि शूटरों का असली निशाना वह बेगुनाह महिला नहीं, बल्कि खुद नामी वकील सुरेन गोखले थे. मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस सुरेन की पर्सनल और प्रोफेसनल लाइफ की परतें खोलना शुरू करती है. जांच में सामने आता है कि सुरेन और उनकी पत्नी वनिता के बीच के रिश्ते पूरी तरह कड़वाहट से भरे हैं और दोनों तलाक के मोड़ पर खड़े हैं. ऐसे में पुलिस का पहला शक पत्नी वनिता पर जाता है कि कहीं उसने पति की सुपारी तो नहीं दे दी?
जैसे-जैसे पुलिस इंस्पेक्टर अजय ठाकुर की जांच आगे बढ़ती है, कहानी में कई हैरान करने वाले मोड़ आते हैं. पुलिस के सामने 'पति, पत्नी और वो' का एक ऐसा घिनौना रूप सामने आता है जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. पुलिस को पता चलता है कि यह सफल वकील सिर्फ एक नहीं, बल्कि अपनी दो-दो असिस्टेंट के साथ फिजिकल रिलेशन में था.
अपनी हवस और धोखेबाजी के जाल में फंसे इस वकील की कहानी का अंत कैसा होता है? पुलिस इस उलझे हुए क्राइम का पर्दाफाश कैसे करती है? और आखिरकार इस क्रिमिनल लॉयर पर हमला करवाने वाला असली मास्टरमाइंड कौन था? इन सभी रोंगटे खड़े कर देने वाले सवालों के जवाब जानने के लिए आपको यह पूरा एपिसोड देखना होगा.
इस लिंक पर देखें ये हिट एपिसोड..
https://youtu.be/IKHWOf0Rgd8?si=igm_iJoAO7Vpsasz
231 मिलियन व्यूज मिले
इस एपिसोड की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 231 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. इसके साथ ही वीडियो के कमेंट सेक्शन में 13 हजार से ज्यादा लोगों ने अपने रिएक्शन दिए हैं. दिलचस्प बात यह है कि इस वीडियो के वायरल होने में इसके थंबनेल और इंस्टाग्राम रील्स का बहुत बड़ा हाथ रहा. इसके कुछ रील्स भी वायरल हुए, लोगों में पूरी कहानी जानने की एक्साइटमेंट बढ़ गई.