स्टैंड-अप कॉमेडी को लेकर चल रही बहस के बीच कॉमेडियन ऐश्वर्या मोहनराज का एक पुराना वीडियो फिर से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. हाल ही में कॉमेडियंस प्रणीत मोरे और मधुर विरली से जुड़े विवादों के बाद एक नई वीडियो को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है.
अब निशाने पर आईं ऐश्वर्या
ये वीडियो कॉमिकस्तान शो का है, जिसे सोशल मीडिया पर खूब पर शेयर किया जा रहा है. कई यूजर्स कॉमेडी की दुनिया में 'सिलेक्टिव आउटरेज' पर सवाल उठा रहे हैं. ये वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब कई कॉमेडियंस अपने पुराने और नए चुटकुलों को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं.
वीडियो में ऐश्वर्या मोहनराज अपने छोटे भाई के जन्म और अपनी मां की प्रतिक्रिया को लेकर मजाक करती नजर आती हैं.
वो कहती हैं- जब मेरा भाई पैदा हुआ था, तो मेरी मां बहुत रोई थीं. मेरी मां उसका प्राइवेट पार्ट काट देना चाहती थीं, लेकिन बेशर्म नर्स ने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया. लेकिन एक महिला होने के नाते मैं उनका सपना जरूर पूरा करूंगी. जब मेरा बेटा होगा, तो मैं उसका प्राइवेट पार्ट जरूर काट दूंगी.
ओपिनियन में बंटा सोशल मीडिया
ये वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों के रिएक्शन्स लगे. कई यूजर्स ने इसकी तुलना हाल के दूसरे कॉमेडी विवादों से की. उनका कहना है कि अगर आज कुछ तरह के चुटकुलों की आलोचना हो रही है, तो दूसरे कॉमेडियंस के पुराने वीडियो को भी उसी नजर से देखा जाना चाहिए. वहीं, कई लोगों ने ऐश्वर्या के इस मजाक को बेहद आपत्तिजनक बताया. उनका कहना है कि ऐसे बयान को कॉमेडी या व्यंग्य के नाम पर सही नहीं ठहराया जा सकता.
ये बहस ऐसे समय तेज हुई है, जब कुछ दिन पहले कॉमेडियन प्रणीत मोरे एक सोशल मीडिया विवाद में घिर गए थे. ये मामला ऑडियन्स में बैठे हिमांशु जांगड़ा की 370 रुपये की बिरयानी वाली कहानी से जुड़ा था.
कॉमेडियन्स ने मांगी माफी
कॉमेडियन मधुर विरली ने भी हाल ही में सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी. उनका दो साल पुराना एक वीडियो फिर से वायरल हुआ था, जिसमें रेप और हत्या जैसे गंभीर विषयों पर मजाक किया गया था. अपने बयान में विरली ने माना कि वो सामग्री अनुचित थी और उन्हें ऐसे चुटकुले बनाने का पछतावा है. वहीं प्रणित मोरे ने भी वीडियो जारी कर माफीनामा दिया था.
कॉमेडी, अभिव्यक्ति की आजादी और जवाबदेही को लेकर जारी बहस के बीच सोशल मीडिया यूजर्स अब पुराने स्टैंड-अप वीडियो भी खंगाल रहे हैं. वो ये सवाल उठा रहे हैं कि कॉमेडियंस का मूल्यांकन आज के बदलते सामाजिक मानकों के आधार पर होना चाहिए या फिर उस समय को देखते हुए, जब ये चुटकुले किए गए थे. ऐश्वर्या मोहनराज का यो वीडियो अब इसी बड़ी बहस का नया हिस्सा बन गया है.