कुछ दिनों पहले कॉमेडियन प्रणित मोरे का शो अचानक सुर्खियों में तब आया, जब उसमें कुछ लोगों ने आपत्तिजनक बातें कही थीं. शो में ऑडियंस में बैठे गुरूग्राम के हिमांशु जांगड़ा ने लड़कियों के ऊपर एक विवादित टिप्पणी की. उन्होंने 370 रुपये की बिरयानी के बदले, लड़की से फेवर मांगने पर कमेंट किया, जो उनके मुताबिक जोक था. मगर इससे उन्हीं की मुसीबतें बढ़ गई थीं.
हिमांशु ने अपने विवादित जोक के कारण नौकरी खो दी. उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई. बढ़ती कॉन्ट्रोवर्सी को देखते हुए, उन्होंने सोशल मीडिया पर कई बार माफी मांगी. लेकिन अब लगता है कि वो सबकुछ एक किस्म का दिखावा था. हिमांशु का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो अपने किए पर हंसते हुए दिखाई दे रहे हैं.
अपने किए पर हंस रहे हिमांशु?
वीडियो में हिमांशु पुलिस स्टेशन के बाहर अपने दोस्तों के साथ बैठे हुए हैं. जिसमें से एक शख्स उन्हें 370 रुपये की बिरयानी वाला शख्स कहकर बुला रहा है. ये सुनकर हिमांशु हंसते हुए नजर आते हैं. उनके साथ बैठे बाकी लोग भी हंस रहे है. इस वीडियो को देखकर कई लोगों का गुस्सा फिर से फूट पड़ा है. इंटरनेट पर इस समय उनका ये वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसपर लोग हिमांशु की क्लास लगा रहे हैं.
कई लोगों ने लिखा है कि हिमांशु को अपने की हुई बातों पर बिल्कुल शर्म नहीं आ रही, वरना वो इस बात पर हंसते नहीं. दूसरे ने लिखा है- इतना सबकुछ होने के बाद, मुझे इसकी जॉब जाने और सोशल मीडिया ट्रोलिंग ने जो इसके दिमाग पर असर किया होगा, उसे सोचकर काफी बहुत बुरा लगा था. लेकिन अब ये देखकर कि इसने अपना सबक नहीं सीखा और कोई शर्म नहीं बची, मुझे लगता है कि जो कुछ इसके साथ हो रहा है, ये उसका हकदार है.
बता दें कि प्रणित मोरे के शो पर फिलहाल विवाद काफी बढ़ चुका है. हिमांशु जांगड़ा के बाद, डॉक्टर सेजल पवार भी सवालों के कटघरे में आ गई थी. उन्होंने डेड बॉडीज को लेकर घटिया जोक मारा था, जिसके बाद उन्हें भी माफी मांगनी पड़ी. प्रणित, हिमांशु और सेजल-तीनों के खिलाफ इस समय एक्शन लिया जा रहा है.