दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्मी पुरस्कार 'एकेडमी अवॉर्ड्स' यानी Oscars 2026 की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है. लॉस एंजिलिस के हॉलीवुड स्थित आइकॉनिक डॉल्बी थिएटर एक बार फिर से उन ऐतिहासिक पलों का गवाह बनेगा, जब साल 2025 की बेहतरीन फिल्मों और कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा.
इस बार की रात भारतीयों के लिए बेहद खास होने वाली है, क्योंकि ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा एक प्रेजेंटर के तौर पर मंच पर नजर आएंगी. चकाचौंध, ग्लैमर और इमोशन्स से भरी इस शाम में कौन बाजी मारेगा और कौन खाली हाथ लौटेगा, इस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं. मगर इस इवेंट को लेकर कई तरह के सवाल भी हैं. जैसे- कार्यक्रम को कहां देखें? आईये आपको बताते हैं...
भारत में कब और कहां देख सकेंगे लाइव?
98वें एकेडमी अवॉर्ड्स का आयोजन 15 मार्च 2026 को लॉस एंजिल्स में हो रहा है. भारतीय समय (IST) के अनुसार, रेड कार्पेट की रौनक सोमवार 16 मार्च की सुबह 3:30 बजे से शुरू हो जाएगी. वहीं, मुख्य अवॉर्ड समारोह सुबह 4:30 बजे से लाइव देखा जा सकेगा.
भारत में दर्शक इसे 'JioHotstar' पर स्ट्रीम कर सकते हैं. जो लोग टीवी पर देखना पसंद करते हैं, उनके लिए स्टार मूवीज, स्टार मूवीज सेलेक्ट और कलर्स इनफिनिटी जैसे चैनलों पर इसका सीधा प्रसारण होगा. अगर आप सुबह जल्दी नहीं उठ पाते हैं, तो उसी दिन रात 9:00 बजे इसका दोबारा प्रसारण भी किया जाएगा.
Sinners' ने तोड़े नॉमिनेशन के सारे रिकॉर्ड
इस साल की रेस में निर्देशक रयान कूगलर की फिल्म 'Sinners' ने इतिहास रच दिया है. इस फिल्म को कुल 16 कैटेगरी में नॉमिनेशन मिले हैं, जिसने 'टाइटैनिक' और 'ला ला लैंड' जैसी फिल्मों के 14 नॉमिनेशन वाले पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. इसके बाद पॉल थॉमस एंडरसन की 'वन बैटल आफ्टर अनदर' 13 नॉमिनेशन के साथ दूसरे नंबर पर है.
प्रियंका चोपड़ा पर रहेगी सभी की नजर
भारतीयों के लिए गर्व की बात यह है कि प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर ग्लोबल मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. वह विल अर्नेट, रॉबर्ट डाउनी जूनियर और ऐनी हैथवे जैसे हॉलीवुड दिग्गजों के साथ अवॉर्ड प्रेजेंट करती नजर आएंगी.
प्रियंका के अलावा भारतीय-अमेरिकी फिल्ममेकर गीता गांधभीर ने भी कमाल किया है. उन्हें 'द परफेक्ट नेबर' और 'द डेविल इज बिज़ी' जैसी अपनी दो अलग-अलग फिल्मों के लिए डॉक्यूमेंट्री कैटेगरी में दो नॉमिनेशन मिले हैं.