कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 अब खत्म हो चुका है. मगर बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला कान्स में अपना जलवा बिखेरने से नहीं रुक रही हैं. हाल ही में वो एएमएफआर गाला कान्स इवेंट में शामिल हुई थीं, जहां दुनियाभर के बड़े-बड़े सितारे पहुंचते हैं. उर्वशी ने इस दौरान एक बेहद खूबसूरत सिल्वर गाउन पहना, जिसपर सभी का ध्यान गया. लेकिन इसके अलावा एक्ट्रेस की एक और चीज सुर्खियों में आई. उन्होंने रेड कार्पेट पर एक यूनीक बैग कैरी किया, जिसे देख लोगों की नजरें उनपर टिकी रह गईं.
सुर्खियों में उर्वशी का यूनीक कॉफी हैंडबैग
उर्वशी रौतेला ने एएमएफआर गाला कान्स रेड कार्पेट पर एस्प्रेसो मार्टिनी के डिजाइन वाला हैंडबैग कैरी किया था. एक्ट्रेस आमतौर पर अपने यूनीक हैंडबैग्स के लिए सुर्खियां बटोरती रहती हैं. इस इवेंट में भी उन्होंने कुछ वैसा ही किया. उर्वशी ने अपना बैग ऐसे पकड़ा हुआ था, जैसे उनके हाथ में सचमुच की कॉफी हो.
एक्ट्रेस का एस्प्रेसो मार्टिनी स्टाइल बैग मशहूर ब्रैंड जुडिथ लैइबर ने डिजाइन किया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस छोटे से हैंडबैग की कीमत 5.5 लाख रुपये है. इसपर काफी बारीकी से स्टाइलिंग की गई है, कई सारे क्रिस्टल की मदद से इसे एस्प्रेसो कॉफी का लुक दिया गया है, जो फोटोज में देखने पर बिल्कुल असली जैसा लगता है.
कान्स में दिखा था उर्वशी का जलवा
उर्वशी रौतेला इस साल कान्स फिल्म फेस्टिवल में भी गई थीं, जहां उनके अनोखे लुक्स ने सनसनी मचा दी थी. वो जिस भी अवतार में दिखीं, उसे सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया गया. दिलचस्प बात ये है कि इस दौरान भी उन्होंने एक अनोखा कैरी बैग लिया था, जो किसी रानी के ताज के डिजाइन में बना था.
बात अगर उर्वशी रौतेला के वर्क फ्रंट की करें, तो उन्हें हाल ही में रणदीप हुड्डा स्टारर वेब सीरीज इंस्पेक्टर अविनाश के सीजन 2 में देखा गया. वो अपने किरदार पूनम मिश्रा में दोबारा लौटी थीं. इसके अलावा माना जा रहा है कि एक्ट्रेस अक्षय कुमार की मल्टी स्टारर फिल्म वेल्कम टू द जंगल में नजर आएंगी. उन्हें फिल्म के टाइटल ट्रैक सॉन्ग में देखा जा चुका है.