scorecardresearch
 

'मुझे नहीं लगता वो सुसाइड था', सुशांत सिंह राजपूत पर बोले एक्टर शिशिर शर्मा, हुए इमोशनल

हाल ही में शिशिर शर्मा ने दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के बारे में बात की . जहां उन्होंने कहा साफ शब्दों में कहा है कि सुशांत की मौत के इतने सालों बाद भी वह इस सच को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं.

Advertisement
X
सुशांत सिंह राजपूत पर बोले शिशिर शर्मा (Photo: IMDb)
सुशांत सिंह राजपूत पर बोले शिशिर शर्मा (Photo: IMDb)

बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत को दुनिया से गए लगभग छह साल बीत चुके हैं, लेकिन उनके करीबी और फैंस आज भी इस सदमे से उबर नहीं पाए हैं. फिल्म 'छिछोरे' में सुशांत के साथ काम कर चुके दिग्गज एक्टर शिशिर शर्मा ने हाल ही में दिवंगत एक्टर को याद करते हुए एक बेहद इमोशनल बयान दिया. 

हाल ही में सिद्धार्थ कन्नन के यूट्यूब चैनल पर दिए एक इंटरव्यू में शिशिर शर्मा ने सुशांत सिंह राजपूत को लेकर कई बातें शेयर की. जब उनसे सीधा सवाल किया गया कि क्या उन्हें लगता है कि सुशांत ने खुदकुशी की थी, तो उन्होंने बिना किसी झिझक के कहा कि सुशांत का व्यक्तित्व ऐसा था ही नहीं. शिशिर ने सुशांत को याद करते हुए कहा, 'मुझे नहीं लगता कि वह ऐसे इंसान थे जो ऐसा कदम उठाते.' उन्होंने सुशांत को एक बेहद समझदार और 'बहुत ही सुलझा हुआ आदमी' बताया, जो अपने काम और जिंदगी को लेकर बेहद गंभीर था.

खबर सुनते ही रो पड़े थे शिशिर
साल 2020 के उस काले दिन को याद करते हुए शिशिर शर्मा भावुक हो गए. उन्होंने बताया कि जब उन्हें पहली बार सुशांत की मौत की खबर मिली, तो वह खुद को संभाल नहीं पाए और उनके आंसू निकल पड़े. उनके लिए इस बात पर भरोसा करना नामुमकिन जैसा था कि इतना प्रतिभावान और होनहार एक्टर इतनी जल्दी इस दुनिया को अलविदा कह गया. शिशिर ने माना कि इस गहरे दुख और नुकसान को स्वीकार करने में उन्हें खुद को समझाने के लिए बहुत लंबा समय लगा.

'बिना वजह कोई अपनी जान नहीं लेता'- शिशिर
इंटरव्यू के दौरान शिशिर ने इस पूरी घटना के पीछे के अनसुलझे पहलुओं पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा, 'कुछ तो कारण होगा, ऐसा कोई खुदखुशी थोड़ी कर लेता है... अब किससे बात करें? हम कह भी क्या सकते हैं?' शिशिर का मानना है कि कोई भी इंसान यूं ही इतना बड़ा कदम नहीं उठा लेता, उसके पीछे कोई न कोई बड़ी वजह जरूर होती है. उन्होंने भारी मन से कहा कि अब इस विषय पर बात करने का कोई फायदा नहीं है. यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक ऐसे बेहतरीन कलाकार के साथ ऐसा हुआ, जो एक्टिंग को लेकर इतना जुनूनी था. उन्होंने 'एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' जैसी फिल्मों में सुशांत की परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ की.

Advertisement

क्या हुआ था 14 जून 2020 को?
सुशांत सिंह राजपूत 14 जून, 2020 को मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित अपने फ्लैट पर मृत पाए गए थे. मुंबई के कूपर अस्पताल में किए गए पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट में मौत की वजह 'एस्फ़िक्सिया' यानी दम घुटना बताई गई थी, जिसके बाद जांच एजेंसियों ने इसे आत्महत्या का मामला माना था. हालांकि, सुशांत के परिवार ने इस थ्योरी को स्वीकार नहीं किया और उनकी तत्कालीन गर्लफ्रेंड व एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करवा दिया. इसके बाद व्हाट्सएप चैट के आधार पर ड्रग्स का एंगल भी सामने आया, जिसकी जांच अलग से शुरू हुई.

रिया चक्रवर्ती को मिली क्लीन चिट
इस पूरे मामले में रिया चक्रवर्ती को एक लंबे और कड़े सामाजिक बहिष्कार का सामना करना पड़ा, यहां तक कि उन्हें जेल भी जाना पड़ा था. ड्रग्स से जुड़े मामले में बाद में बॉम्बे हाई कोर्ट ने रिया को जमानत दे दी थी. लंबे समय तक चली इस हाई-प्रोफाइल जांच के बाद, साल 2025 में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने सुशांत की मौत के मामले में अपनी क्लोज़र रिपोर्ट पेश की, जिसमें रिया चक्रवर्ती को क्लीन चिट दे दी गई और उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया गया. इस कानूनी राहत के बाद अब रिया चक्रवर्ती ने अपने पॉडकास्ट और नए बिजनेस वेंचर्स के जरिए एक बार फिर से नॉर्मल लाइफ में वापसी की है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement