सैफ अली खान और करीना कपूर की शादी को 13 साल हो चुके हैं. हाल ही में सैफ ने बताया कि उनकी खुशहाल शादी का राज क्या है. वो इसका पूरा क्रेडिट करीना को देते हैं. बहन सोहा अली खान से बातचीत में सैफ ने अपनी शादी और रिश्तों को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि उनकी शादी करीना कपूर के साथ इसलिए अच्छी चल रही है क्योंकि दोनों के बीच प्यार, अपनापन और आपसी समझ है. साथ ही एक्टर ने अपनी इनसिक्योरिटीज पर भी बात की.
शादी को लेकर क्या बोले सैफ
सैफ ने कहा कि वह खुद को बहुत भाग्यशाली मानते हैं कि आज वह एक स्थिर और खुशहाल रिश्ते में हैं. उनके मुताबिक पहले उनके रिश्ते इतने स्थिर या खुशहाल नहीं रहे, लेकिन अब हालात बदल गए हैं. उन्होंने कहा कि उनकी अपनी समझदारी और करीना की दयालुता और समझ ने इस रिश्ते को मजबूत बनाया है.
सैफ ने माना कि कभी-कभी वह भावनात्मक रूप से ज्यादा ध्यान चाहते हैं. उन्होंने कहा कि कई बार इंसान की असुरक्षाएं बचपन के अनुभवों से जुड़ी होती हैं और ऐसे में पार्टनर उन भावनाओं को संभालने में मदद करता है.
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि रिश्ते में आजादी जरूरी है, लेकिन प्यार और ध्यान भी उतना ही जरूरी है. उनके मुताबिक शादी सिर्फ दो लोगों का साथ-साथ रहना नहीं होना चाहिए, बल्कि उसमें अपनापन और खास जुड़ाव भी होना चाहिए.
बच्चों के बाद रिश्ते कैसे बदलते हैं
सैफ ने बताया कि बच्चों के आने के बाद कई कपल्स के रिश्ते बदल जाते हैं और कई बार मुश्किलें भी आती हैं. उनके अनुसार शादी को संभालने के लिए थोड़ा भाग्य भी चाहिए, क्योंकि जरूरी है कि दोनों लोगों की रुचियां कुछ हद तक एक जैसी हों.
उन्होंने कहा कि उनके और करीना के बीच एक अच्छा संतुलन है. दोनों के अपने-अपने काम और स्पेस हैं, लेकिन कुछ चीजें ऐसी भी हैं जो उन्हें साथ लाती हैं. वे एक-दूसरे के साथ समय बिताते हैं और अपने अनुभव भी साझा करते हैं.
सैफ का मानना है कि किसी भी रिश्ते को चलाने के लिए बातचीत बहुत जरूरी होती है. अगर रिश्ते में दिक्कत आए तो उसे समझने और बातचीत से सुलझाने की कोशिश करनी चाहिए.
कोविड के समय करीना से और बढ़ा सम्मान
सैफ ने कोविड-19 लॉकडाउन के दिनों को याद करते हुए कहा कि उस समय करीना ने उन्हें बहुत प्रभावित किया, उन्होंने बताया कि उस दौर में करीना काफी शांत और मजबूत रहीं.
दोनों ने एक रूटीन बना लिया था- हफ्ते में कुछ दिन दोस्तों से ऑनलाइन मिलना, साथ में खाना बनाना और समय बिताना. सैफ ने कहा कि उस समय करीना के शांत स्वभाव और मजबूती को देखकर उनका सम्मान और बढ़ गया.
रिश्तों में असुरक्षाएं भी होती हैं
सैफ ने कहा कि रिश्तों में असुरक्षा होना आम बात है, खासकर जब दोनों लोग फिल्म इंडस्ट्री में हों और दूसरे कलाकारों के साथ काम करते हों. उन्होंने कहा कि कई बार असुरक्षा दूसरे व्यक्ति की वजह से नहीं, बल्कि अपनी सोच की वजह से होती है. ऐसे में भरोसा और एक-दूसरे को भरोसा दिलाना बहुत जरूरी होता है.
सैफ और करीना ने 16 अक्टूबर 2012 को मुंबई में शादी की थी. कपल के दो बेटे हैं- तैमूर अली खान जिनका जन्म 2016 में हुआ, और जहांगीर अली खान (जेह), जिनका जन्म 2021 में हुआ.