रणवीर सिंह अपनी फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' की भारी सफलता का लुत्फ उठा रहे हैं. 19 मार्च को रिलीज हुई डायरेक्टर आदित्य धर की बनाई ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त दौड़ लगा रही है. इसने कई रिकॉर्ड तोड़े और कई नए रिकॉर्ड बनाए हैं. सक्सेस और सराहना के बीच रणवीर, अपनी पत्नी दीपिका पादुकोण और बेटी दुआ के साथ साउथ अफ्रीका घूम रहे हैं. यहीं दीपिका अपनी नई फिल्म 'किंग' की शूटिंग भी कर रही हैं.
साउथ अफ्रीका पहुंचने के कुछ ही देर बाद दीपिका की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थीं. इनमें वह शाहरुख खान के साथ फिल्म 'किंग' के सेट पर नजर आईं. एक क्लिप में रणवीर और नन्ही दुआ भी शूटिंग देखते हुए दिखे. अब साउथ अफ्रीका से रणवीर सिंह की भी कुछ तस्वीरें वायरल हुई हैं. इनमें वो फैंस के साथ पोज कर रहे हैं.
तस्वीरों में रणवीर सिंह फैंस के साथ गर्मजोशी से बातचीत करते और सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं. उन्होंने कैजुअल मगर स्टाइलिश लुक यूजर्स का दिल जीत रहा है. ब्लैक टी-शर्ट के साथ कार्गो पैंट्स, टिंटेड सनग्लासेस और बीनि पहने हुए रणवीर काफी बढ़िया लग रहे हैं. यही उनका सिग्नेचर स्टाइल भी है. रणवीर का जलवा ही कुछ ऐसा ही कि दीपिका और शाहरुख खान के सामने फैंस उनके साथ फोटोज ले रहे हैं. ऑफ-ड्यूटी होते हुए भी वो लोगों का ध्यान खींच रहे हैं.
ये तस्वीरें उस वीडियो के कुछ दिन बाद आई हैं जिसमें King की शूटिंग के दौरान रणवीर अपनी बेटी दुआ की देखभाल करते दिखे थे. क्लिप में दीपिका शाहरुख के साथ रोमांटिक सीन शूट कर रही थीं, जबकि रणवीर छाता लेकर दुआ के साथ खड़े थे और धैर्यपूर्वक शूटिंग देख रहे थे. फैंस उनके इस प्यारे “डैड ड्यूटी” वाले पल पर खूब फिदा हो गए.
दूसरी बार प्रेग्नेंट हैं दीपिका
रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने अप्रैल 2026 में फैंस को खुशखबरी दी थी. दोनों ने सोशल मीडिया पर बेटी दुआ की एक प्यारी फोटो पोस्ट कर ऐलान किया था कि वो जल्द अपने दूसरे बच्चे का स्वागत करने वाले हैं. दुआ के हाथ में प्रेग्नेंसी टेस्ट किट थी, जिसका रिजल्ट पॉजिटिव था. इस ऐलान के बाद से कपल को फैंस से खूब प्यार और शुभकामनाएं मिलीं. अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान भी दीपिका काम कर रही हैं. वहीं रणवीर सिंह को अगली बार फिल्म 'प्रलय' में देखा जाने वाला है.