scorecardresearch
 

विकराल रावण, विराट राम और शानदार विजुअल्स से सजा ट्रेलर, 'रामायण' पर उठे हर संदेह का जवाब है

दिल्ली की जनता को रामायण फिल्म का ट्रेलर सबसे पहली बार दिखाया गया. इसमें कई सारी चीजें ऐसी दिखाई गई हैं, जिसे देखकर लोगों की फिल्म को लेकर शंका दूर जाएगी. राम, सीता, लक्ष्मण, और रावण की प्रस्तुती ट्रेलर में बेहद शानदार दिखाई गई है.

Advertisement
X
रामायण का ट्रेलर (Photo: Screengrab)
रामायण का ट्रेलर (Photo: Screengrab)

भारत में रहने वाले हर व्यक्ति को, चाहे वो किसी भी राज्य, धर्म और समाज से आता हो… रामायण की कहानी पता है. इसलिए प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा और डायरेक्टर नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ पर लोगों की नजरें पहली अनाउंसमेंट के समय से ही लगी हैं.  ‘रामायण’ का टीजर आया तो एक्साइटमेंट के साथ-साथ कुछ सवाल भी बढ़े. विजुअल्स से लोगों को कुछ ऐसी शिकायतें हुईं जो 4000 करोड़ के बजट में बनी फिल्म से नहीं होनी चाहिए. इसलिए ट्रेलर का इंतजार और तगड़ा हो गया. 

शनिवार, 18 जुलाई की शाम को, दिल्ली में ‘रामायण’ का पहला ट्रेलर रिवील हुआ, जो दुनिया के सामने कुछ दिन बाद आएगा. हमें भी ट्रेलर देखने का मौका मिला. और ये ट्रेलर देखने के बाद कहा जा सकता है कि ‘रामायण’ पर उठ रहे सवाल कपूर की तरह उड़ जाएंगे, बचेगा तो सिर्फ दीवाली पर फ़िल्म रिलीज होने का उत्साह. 

‘रामायण’ के ट्रेलर में क्या है? 
भारत मंडपम में जिस स्क्रीन पर ‘रामायण’ का ट्रेलर दिखाया गया, वो प्रॉपर सिनेमा सेटअप नहीं है. लेकिन 3डी ट्रेलर की क्वालिटी बता रही थी कि एक शानदार सिनेमा स्क्रेवन पर ये कितना बेहतरीन लगेगा. 

ट्रेलर यश के रावण से शुरू होता है. रावण के महाशक्तिशाली अवतार को ट्रेलर ऐसी भव्यता के साथ पेश करता है कि कहानी का टोन सेट हो जाता है―अगर विलेन ऐसा अजेय, पराक्रमी वीर है तो हीरो कैसा होगा? 

Advertisement

इसके बाद ‘रामायण’ का ट्रेलर श्रीराम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर को इंट्रोड्यूस करता है. इस किरदार की झलक आप पहले टीजर में ज्यादा बेहतर देख चुके हैं. ट्रेलर में ये किरदार कहानी को आगे बढ़ा रहा है. राम इंट्रोडक्शन सीन उनके धनुष विद्या में पारंगत होने का सबूत देता है. कैसे? ये आप ट्रेलर में अपनी आंखों से देखेंगे तो ज्यादा बेहतर होगा. आखिर भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्म स्पॉइलर में बांट देना कहां का फिल्म-प्रेम है. 

सीता-लक्ष्मण की दिखी झलक
सीता के रोल में साई पल्लवी और लक्ष्मण के रोल में रवि दुबे भी ट्रेलर में पहली बार रिवील होते हैं. साई के हिंदी एक्सेंट को लेकर या उनके अपीयरेंस को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ सवाल उठे थे. ट्रेलर में साई का डायलॉग और उनके सीन इन सवालों का जवाब हैं. उनकी परफॉर्मेंस की एक जरा सी झलक ये बताने के लिए काफी है कि फ़िल्म में वो आपको कितना इम्प्रेस करने वाली हैं. 

रवि दुबे का ट्रेलर में एक ही सीन है, मगर वो एक झलक ही उन्हें बड़ा सरप्राइज पैकेज बनाती है. राम के लिए वनवास मांगती कैकेयी के रोल में लारा दत्ता भी कमाल हैं. और दशरथ के रोल में, भारत के लिए आइकॉनिक राम बन चुके अरुण गोविल पर भी नजरें रुकेंगी. 

Advertisement

विजुअल्स और म्यूजिक
‘रामायण’ के टीजर से उठी शिकायतों के बाद नमित मल्होत्रा ने विश्वास दिलाया था कि ये अभी ‘वर्क इन प्रोग्रेस’ है, फाइनल क्वालिटी बहुत बेहतर होगी. ट्रेलर देखकर आपको समझ आएगा कि वो क्या कहना चाहते थे. 3डी में हमने जो ट्रेलर देखा उसकी क्वालिटी कमाल थी. विजुअल्स में इतना सुधार है कि आप तारीफ किए बिना नहीं रह पाएंगे. 

‘रामायण’ का सारा मकसद ही एक पौराणिक कहानी को, आज अविश्वसनीय लगने वाले उसके तत्वों के साथ, आज की सबसे मजबूत सिनेमैटिक भाषा में पेश करना है. और ट्रेलर बताता है कि नमित इसमें कामयाब होने वाले हैं. दो-एक जगह छोटी सी कमी अभी भी है, लेकिन वो भी फाइनल प्रोडक्ट में शायद न बचें. कहानी में आने वाले पौराणिक क्रीचर्स शानदार हैं. इंद्र का हाथी ऐरावत तो कमाल है ही, जटायु को देखकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं.  

ए आर रहमान और हान्स जिमर के म्यूजिक ने इन शानदार विजुअल्स को उस पौराणिक संसार में ऐसा ट्रांसफॉर्म किया है कि रोंगटे खड़े होने वाला नेचुरल रिस्पॉन्स तो ट्रेलर में कई जगह देखने को मिलेगा. 

हैरान करेगी रणबीर की 'रामायण'

‘रामायण’ का ट्रेलर खत्म भी रावण पर ही होता है और वो सीन यश की एक्टिंग ही नहीं, नितेश तिवारी के विजन की भी तारीफ है. ट्रेलर खत्म होते ही मेरे बगल में बैठे एक व्यक्ति ने कहा ‘लोगों को 4 हजार करोड़ की चिंता है, ये तो 10 हजार करोड़ कमाने वाली फिल्म है’. ये सिर्फ ‘रामायण’ के ट्रेलर से ही निकला रिस्पॉन्स नहीं है. 

Advertisement

ये भारत की संस्कृति की जमीन तैयार करने वाली एक कहानी के, आज की बेस्ट सिनेमैटिक तकनीक के साथ, दुनिया भर के दर्शकों के सामने पहुंचने की खुशी है. ये इंडियन सिनेमा के सबसे ग्रैंड प्रोजेक्ट की शानदार झलक की खुशी है. ये उस जादू को महसूस करने की पहली आहट है, जो ‘रामायण’ पूरी दुनिया पर करने वाली है. जल्द ही सैन डिएगो में होने वाले कॉमिक-कॉन इवेंट में नमित पूरी दुनिया के लिए ये ट्रेलर पेश करने वाले हैं, तब इसे सेलिब्रेट करने के लिए तैयार रहिएगा. 24 जुलाई को ये फिल्म का ट्रेलर आपको हैरान कर सकता है!

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement