scorecardresearch
 

सलमान ने बिगाड़ा विवेक ओबेरॉय का करियर? सवाल पर राम गोपाल वर्मा का जवाब, बोले- अगर वो कंपनी

विवेक ओबेरॉय ने राम गोपाल वर्मा की फिल्म से अपना एक्टिंग डेब्यू किया था. अब डायरेक्टर ने विवेक की सलमान खान से लड़ाई और उससे एक्टर के करियर पर पड़े असर जैसी बातों पर रिएक्ट किया है.

Advertisement
X
सलमान-विवेक की फेमस लड़ाई (Photo: Instagram @vivekoberoi/jiohotstarreality)
सलमान-विवेक की फेमस लड़ाई (Photo: Instagram @vivekoberoi/jiohotstarreality)

विवेक ओबेरॉय एक वक्त पर बॉलीवुड के सबसे टैलेंटेड एक्टर्स की लिस्ट में शुमार थे. मगर जबसे उनका सुपरस्टार सलमान खान से झगड़ा हुआ, तभी से उनके सितारे गर्दिश में चले गए. विवेक धीरे-धीरे इंडस्ट्री से गायब हो गए. हालांकि इस बीच वो कुछ यादगार फिल्मों में जरूर नजर आए. 

जब सलमान से भिड़े थे विवेक ओबेरॉय 

विवेक और सलमान का झगड़ा साल 2004 से पब्लिक हुआ. एक्टर ने सलमान पर कई आरोप लगाए, जिसके बाद उन्हें कई प्रोजेक्ट्स से हाथ धोना पड़ा. कहा जाने लगा कि सलमान ने ही विवेक का करियर बर्बाद किया है. हालांकि वो हमेशा इस बात को खारिज करते आए हैं. अब फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने विवेक के करियर पर कमेंट किया है. विक्की लालवानी के यूट्यूब चैनल पर जब RGV से पूछा गया कि क्या सलमान खान ने विवेक का करियर खराब किया?

क्या बॉलीवुड में भी कैंप्स मौजूद हैं जिससे एक्टर्स को बाहर किया जाता है? तो इसपर फिल्ममेकर बोले, 'मैं बिल्कुल नहीं मानता कि ऐसा है. कोई कैंप नहीं होंगे, सिर्फ अलग-अलग लोग होंगे. हर कोई सिर्फ अपने लिए है. और ऐसा ही होना चाहिए. यही इंसानी फितरत है कि मैं सबसे ज्यादा सफल होना चाहता हूं. ग्रुप में इसलिए रहते हैं क्योंकि सोशल ग्रुप चाहिए — दोस्त, मिलना-जुलना, बातें करना. लेकिन बाहर से देखने में वो ग्रुप कैंप जैसा लगता है. जलन भी इंसान में पैदा ही होती है. अगर कोई और ज्यादा सफल हो जाए, तो कोई इंसान सह नहीं पाता. इसे नीचा मत दिखाओ, बल्कि इसे अपनी नेचर के अंदर मान लो.'

Advertisement

विवेक को लेकर राम गोपाल वर्मा की क्या राय?

राम गोपाल वर्मा आगे बोले, 'अब उस वक्त जो उसने कहा, जो हुआ, मैं उनके निजी मामलों में नहीं पड़ना चाहता. मेरी विवेक के बारे में राय ये है कि मुझे लगा कि अगर वो 'कंपनी' जैसी फिल्मों वाले किरदारों के साथ ही चिपके रहते, यानी बहुत तेज, इंटेंस और आक्रामक टाइप के रोल – जैसे युवा नाना पाटेकर की तरह – तो शायद वो उसके लिए सही रास्ता होता. ऐसे रोल करने से अच्छी-बुरी फिल्में आती रहतीं, लेकिन सब मिलकर एक खास छाप छोड़तीं.'

'उसके बजाय, अगर वो रोमांटिक लव स्टोरीज़, कॉमेडी या ऐसे रोल करने लगे, तो मुझे लगता है कि उसकी वो आक्रामकता कम हो गई, और यही चीज उसे प्रभावित कर गई. ये मेरी अपनी राय है. भले ही उनमें से कुछ फिल्में हिट भी हो गई हों. लेकिन मुझे लगता है कि वो लव-कॉमेडी वाला एरिया उसके लिए काम नहीं करता, कम से कम मेरे लिए तो नहीं. तो मैं दूसरों की तरफ से नहीं बोल सकता.'

विवेक ओबेरॉय ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत राम गोपाल वर्मा की फिल्म 'कंपनी' से की थी, जिसमें अजय देवगन भी शामिल थे. इस फिल्म के लिए विवेक को काफी तारीफ मिली थी. अब विवेक एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर छाने की तैयारी में जुटे हैं. उनके पाइपलाइन में 'रामायणम्' और 'स्पिरिट' जैसी बड़ी बजट की फिल्में हैं जिसमें एक्टर अहम रोल में नजर आएंगे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement