नीम करोली बाबा की जिंदगी पर फिल्म बनने वाली है. इन्हें हनुमान का अवतार माना जाता है. कई सेलेब्स भी इन्हें पूजते हैं और बाबा के भक्त हैं. हाल ही में फिल्म 'हनुमान अंश' का ऐलान किया गया. हालांकि फिल्म में कौन बाबा का किरदार निभाएगा, इसे अभी सीक्रेट रखा गया है. लेकिन इसे विदेश से भारत लौटीं प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर बना रही हैं.
चरित्र पर न लगे दाग- प्रेमानंद
अनुप्रिया ने वृंदावन में नीम करौली बाबा की समाधि पर पोस्टर अर्पित किया था. वो प्रेमानंद महाराज से भी मिलीं. उन्होंने महाराज से फिल्म को लेकर मार्गदर्शन मांगा. उन्होंने पूछा कि- श्री नीम करोली बाबा जी की जिंदगी पर हम फिल्म बना रहे हैं. ऐसी धार्मिक मार्ग पर फिल्म बनाने से क्या हमारी सेवा बन सकती है. और इसे बनाने में किन बातों का ध्यान रखना है.
प्रेमानंद के पास कई बॉलीवुड सेलेब्स अपनी मुश्किलों का हल जानने आते हैं. वो किसी को निराश नहीं करते. प्रोड्यूसर को जवाब देते हुए प्रेमानंद महाराज ने कहा कि- ध्यान रहे कि महापुरुषों का अनुसरण करना कठिन होता है. फिल्म के बीच में कोई सांसारिकता न आए. क्योंकि किसी भी महापुरुष के चरित्र को देखकर हमारे अंदर बैराग्य, भक्ति और ज्ञान- तीनों बातें आनी चाहिए. कहीं किसी महापुरुष के चरित्र को लेकर कुछ भी दृष्य या एक्ट ऐसा न दिखाया जाए जो अपराध लगे.
'जैसे नीम करोली बाबा एक विरक्त भगवत प्राप्त महापुरुष हैं. तो इन महापुरुषों को एक तो दिखाया नहीं जा सकता है, क्योंकि स्थिति वैसी नहीं है. लेकिन अगर हम बाहरी तौर पर कुछ दिखाने की कोशिश करते भी हैं तो हमको फिल्माते हुए ये ध्यान रखना है कि हम बस दिखावे के लिए कुछ ऐसा परोस दें जो उनके जीवन से अलग हो जाए. जैसे उन्होंने प्रमाणित तौर पर किया है वैसा ही दिखाया जाए. कुछ भी अलग से सिर्फ पॉपुलैरिटी के लिए कोई विषय न परोसा जाए.'
संत की तरह जिए किरदार निभाने वाला एक्टर
प्रेमानंद ने आगे इस बात पर जोर दिया कि महापुरुष का किरदार निभाने वाले को उनका जीवन जीना चाहिए, वरना अभिनय दिल से नहीं आता. वो कहते हैं- इस किरदार को निभाने के लिए हमारा आचरण ठीक होना चाहिए. हमारे अंदर पवित्रता होनी चाहिए. हमारा खानपान-चरित्र ठीक होना चाहिए. अभिनय करने वालों को पहले कुछ दिन साधना करवाना चाहिए. कुछ दिन संतों की तरह रहना चाहिए, उनका जीवन जीना चाहिए, उस आचरण को अपनाना चाहिए. नहीं तो बाहरी नाटक दिखा सकते हो, लेकिन वो सत्यता नहीं ला सकते हो. अभिनय में सत्यता लाने के लिए स्वयं में साधना करनी होगी.
फिल्म हनुमान अंश जून 2026 में रिलीज होगी.