जनता का प्यार किसी फिल्म की तकदीर कैसे पलट सकता है, मैं वापस आऊंगा इस बात का सबूत बन चुकी है. भारत-पाक बंटवारे पर बनी डायरेक्टर इम्तियाज अली की यह लव स्टोरी थिएटर्स में दर्शकों की फेवरेट बन चुकी है. पहले वीकेंड के बाद बॉक्स ऑफिस एक्सपर्ट्स मैं वापस आऊंगा पर 'फ्लॉप' का लेबल लगाने लगे थे. लेकिन जनता से शानदार कनेक्शन के दम पर इम्तियाज अली की फिल्म बॉक्स ऑफिस का ट्रेंड पलट रही है.
तीसरे वीकेंड में इस फिल्म ने, ओपनिंग वीकेंड से दो गुना कलेक्शन किया है, जो आजकल बहुत कम देखने को मिलता है. मैं वापस आऊंगा के लिए जनता का रिस्पॉन्स ऐसा है कि यह फिल्म अक्षय कुमार की धमाकेदार नई कॉमेडी फिल्म वेलकम टू द जंगल के सामने भी बॉक्स ऑफिस पर पैर जमाए हुए है.
इम्तियाज अली की फिल्म ने पहले वीकेंड में 5.5 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था. मगर धीरे-धीरे इस फिल्म के लिए इतना तगड़ा वर्ड ऑफ माउथ बना कि दूसरे वीकेंड में इसने, पहले वीकेंड के दोगुने से ज्यादा कलेक्शन कर डाला. इस संडे को मैं वापस आऊंगा ने अपना तीसरा वीकेंड भी तगड़ी कमाई के साथ पूरा किया.
बीते शुक्रवार, पहले सात दिनों से ज्यादा कलेक्शन करते हुए इम्तियाज की फिल्म ने 2.75 करोड़ रुपये कमाए थे. बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार नई फिल्म वेलकम टू द जंगल के बावजूद, मैं वापस आऊंगा ने शनिवार को फिर जंप लिया. दूसरे शनिवार (तीसरे हफ्ते के शनिवार) को फिल्म ने 4.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. संडे को फिर से कमाई बढ़ी और 4.50 करोड़ रुपये इसके खाते में आए.
इस तरह तीसरे वीकेंड में मैं वापस आऊंगा 11.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन लेकर आई है. फिल्म का तीसरे वीकेंड का कलेक्शन, पहले वीकेंड के दोगुने से ज्यादा है. दूसरे वीकेंड के 12 करोड़ रुपये के मुकाबले भी, तीसरे वीकेंड की गिरावट न के बराबर है.
मैं वापस आऊंगा में इम्तियाज अली की इमोशनल कहानी के साथ दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी के दमदार काम ने जनता को बहुत इम्प्रेस किया है. इस फिल्म का न ही बहुत तगड़ा प्रमोशन हुआ था और न ही इसकी हाइप पीआर ने बनाई है. सिर्फ और सिर्फ जनता का प्यार मैं वापस आऊंगा को सपोर्ट कर रहा है और यही वजह है कि लिमिटेड स्क्रीन्स पर चलने के बावजूद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस के ट्रेंड पलट रही है. अब देखना है कि आने वाले दिनों में इम्तियाज की फिल्म और क्या कमाल करती है.