दो अलग-अलग दौर में बॉलीवुड फैन्स की धड़कनें बढ़ाने वालीं दो एक्ट्रेसेज माधुरी दीक्षित और तृप्ति डिमरी अब एक साथ आ रही हैं. नेटफ्लिक्स की नई फिल्म 'मां बहन' में ये दोनों एक कॉमेडी-थ्रिलर कहानी लेकर आ रही हैं. नेटफ्लिक्स ने करीब तीन महीने पहले इस फिल्म का मजेदार टीजर रिलीज किया था, तभी से लोग इस शो के लिए एक्साइटेड थे. लेकिन अभी तक मां बहन की रिलीज डेट सामने नहीं आई थी. अब नेटफ्लिक्स ने नए टीजर के साथ फिल्म की रिलीज डेट बता दी है और ये टीजर भी बहुत मजेदार है.
क्या करने वाली हैं ये मां बहन?
मां बहन में माधुरी दीक्षित अपनी दोनों बेटियों के साथ एक हत्या में शामिल नजर आ रही हैं. उनकी बड़ी बेटी के रोल में एनिमल से नई नेशनल क्रश बनीं तृप्ति डिमरी हैं. माधुरी की छोटी बेटी के रोल में पॉपुलर कंटेंट क्रिएटर धारणा दुर्गा हैं.
नए टीजर में धारणा अपनी मां और बहन को एक लाश ठिकाने लगाने के लिए गाइड कर रही हैं. माधुरी और तृप्ति एक तरफ डेड बॉडी घसीट रही हैं, तभी अचानक उनके घर की घंटी बजती है. जहां धारणा के इंस्ट्रक्शन से आपको हंसी आएगी, वहीं घंटी बजने से सस्पेंस भी बढ़ जाता है.
मगर टीजर का सबसे हाई पॉइंट है, एक ताजी-ताजी हत्या का सबूत मिटाने से थकीं माधुरी की लाइन— 'चाय बनाएं?' ऐसा हमने अपने घरों में ही देखा है कि किसी भी गंभीर माहौल में मां को अचानक 'चाय बनाएं' सूझ जाता है! टीजर वीडियो के अंत में रिवील होता है कि मां बहन, 4 जून को नेटफ्लिक्स पर आ रही है. यहां देखें मां बहन का नया टीजर:
क्यों दमदार लग रही है मां बहन?
तुम्हारी सुलू, जलसा और हाल ही में आई अनिल कपूर की एक्शन एंटरटेनर सूबेदार डायरेक्ट कर चुके सुरेश त्रिवेणी, मां बहन के डायरेक्टर हैं. माधुरी और तृप्ति डिमरी को ऐसी कॉमेडी मर्डर मिस्ट्री में लोगों ने पहले नहीं देखा है. दोनों टीजर्स में मां बहन का कॉमिक स्टाइल दमदार लगा है.
पहले टीजर में नजर आया था कि माधुरी, तृप्ति और धारणा के साथ दमदार एक्टर रवि किशन भी इस फिल्म में हैं. दोनों टीजर देखने के बाद जहां ट्रेलर का इंतजार और जोरशोर से होने लगेगा, वहीं मां बहन ने टीजर से ही इतना माहौल तो बना ही दिया है कि बिना ट्रेलर भी अगर ये रिलीज हो जाए, तो भी इसे अच्छे दर्शक मिलने ही हैं.