महिलाओं के सम्मान और संस्कृति को आज भी उनके कपड़ों से जज किया जाता है. इसका उदाहरण कृति सेनन के ऐड के बाद देखने को मिला है. रक्षाबंधन के ऐड पर हुए विवाद को लेकर कृति सेनन ने अब अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने बताया कि कैसे उनकी रिवीलिंग ड्रेस को नेशनल डिबेट का मुद्दा बना दिया गया और ट्रोल्स ने उनके परिवार को भी निशाना बनाया.
कृति एक रक्षाबंधन स्पेशल ऐड में नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट पहनी थी. उनके पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनकी आलोचना करनी शुरू कर दी. उनके आउटफिट को भारतीय परंपराओं के खिलाफ बताया गया. हालांकि, ट्रोलिंग के कारण उस ऐड को सभी प्लेटफॉर्म्स से हटा दिया गया. अब कृति ने हाल ही में करीना कपूर के शो 'वॉट वीमेन वांट' में इस विवाद को लेकर अपनी बात रखी है.
ऐड को लेकर कृति ने तोड़ी चुप्पी
करीना कपूर ने बातचीत के दौरान जब कृति से इस विवाद को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने बताया कि वह ट्रोलिंग को नजरअंदाज करना ही पसंद करती हैं. वह ट्रोल्स की बातों में खुद को उलझाना नहीं चाहतीं। लेकिन उस ऐड के बाद जो कुछ भी हुआ, उसके कारण वह खुद को अपनी बात रखने से रोक नहीं सकीं. उन्हें लगा कि ट्रोल्स ने उन्हें अपनी बात रखने के लिए मजबूर कर दिया.
उन्होंने कहा, 'मैं ट्रोल्स पर ध्यान नहीं देती और न ही उनकी बातों को गंभीरता से लेती हूं. मुझे लगता है कि मुझे किसी को सफाई देने की जरूरत नहीं है. मैं ऐसी बातों को नजरअंदाज करना ही पसंद करती हूं और इस पर अपनी कोई प्रतिक्रिया नहीं देती. लेकिन हाल ही में मेरे राखी ऐड में पहनी ड्रेस ने नेशनल डिबेट का रूप ले लिया. मुझे भरोसा नहीं हो रहा था कि प्राइम टाइम न्यूज में मेरी चोली को लेकर छह लोगों का पैनल चर्चा कर रहा था. मैं सोच रही थी कि आखिर ये सब क्या हो रहा है. इस बार मुझे लगा कि मुझे अपनी बात रखनी चाहिए.'
कृति की बात सुनकर करीना कपूर ने उनकी तारीफ की और कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर बोलकर बिल्कुल सही किया. कृति के अनुसार, ये बात सिर्फ उनके लिए नहीं, बल्कि सभी महिलाओं के लिए भी है, क्योंकि यह महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव से जुड़ा मामला है. महिलाओं को अक्सर हर छोटी-बड़ी बात के लिए गलत ठहराया जाता है. करीना ने भी कृति की बातों पर सहमति जताई और कहा कि यह हमारी अपनी पसंद है कि हम क्या पहनना चाहते हैं और क्या नहीं.
हर चीज के लिए महिलाओं को किया जाता है जज
कृति ने बताया कि महिलाओं को हमेशा हर चीज के लिए जज किया जाता है. कभी उनके पहनावे को लेकर बातें होती हैं, तो कभी उनके छोटे या लंबे कद को लेकर सवाल उठाए जाते हैं. कभी वजन बढ़ने या कम होने को लेकर टिप्पणियां की जाती हैं. यहां तक कि उनके शरीर में होने वाले बदलावों को देखकर लोग उनकी प्रेग्नेंसी तक के कयास लगाने लगते हैं. दोनों एक्ट्रेस ने कहा कि किसी के पहनावे को पसंद करना या न करना इंसान की व्यक्तिगत पसंद है, लेकिन इसके नाम पर किसी को अपमानित करना सही नहीं है.
उन्होंने कहा, 'मैं अपनी पोस्ट के कमेंट्स नहीं पढ़ती. लेकिन कई बार लोग बेहद खराब शब्दों का इस्तेमाल करने लगते हैं. सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह थी कि जो लोग संस्कृति और सम्मान की बात कर रहे थे, वही मेरे माता-पिता और बहन की पोस्ट पर सबसे गंदे और अपमानजनक कमेंट्स कर रहे थे.'
कृति ने कहा कि इस विवाद ने उनके परिवार वालों को भी परेशान कर दिया था. उन्होंने बताया कि उनकी बहन ने उनसे कमेंट सेक्शन बंद करने के लिए भी कहा था, क्योंकि ये कमेंट्स उन्हें परेशान कर रहे थे. कृति का कहना है कि महिलाएं अपने तरीके से जिंदगी जीना चाहती हैं और चाहती हैं कि लोग उन्हें जज न करें.
बात करें अगर कृति सेनन के वर्क फ्रंट की, तो वो जल्द मैडॉक फिल्म्स की हॉरर फिल्म में नजर आएंगी जिसमें वो सोलो हीरोइन होंगी. इसकी पुष्टि भी हाल ही में हुई थी.