बॉलीवुड फिल्म कृष्णावतारम इन दिनों फिल्म लवर्स में चर्चा का मुद्दा है. बिना बड़े स्टार्स या बड़े प्रोडक्शन हाउस के बनी कृष्णावतारम के रिव्यूज अधिकतर पॉजिटिव हैं और जनता से इसे पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ मिला है. जनता में सबसे ज्यादा चर्चा फिल्म के इमोशन्स की हो रही है. भगवान श्रीकृष्ण के प्रेमी हृदय की कहानी दिखाने वाले कृष्णावतारम में राधा, रुक्मिणी और सत्यभामा से उनके प्रेम की कहानी है. कृष्ण और राधा की रासलीला का सीक्वेंस दर्शकों को बहुत पसंद आ रहा है.
मगर भगवान कृष्ण की 'लव स्टोरी' के तौर पर बढ़ने वाली कृष्णावतारम के सामने एक बड़ा रिस्क भी था— कहीं लोगों की भावना न आहत हो! आदिपुरुष जैसी फिल्म के बाद लोग माइथोलॉजिकल कहानियों को लेकर एक्स्ट्रा सतर्क भी रहते हैं. कृष्णावतारम के डायरेक्टर हार्दिक गज्जर ने AajTak.in को बताया कि राधा-कृष्ण की रासलीला दिखाने का रिस्क उन्होंने कैसे हैंडल किया.
'प्रेम दिखाने के साथ गरिमा का भी रखा खयाल'
हार्दिक ने कहा कि निधि वन में भगवान कृष्ण की रास लीलाओं के बारे में सबकुछ किताबों में लिखा हुआ मिलता है. इन्हें पर्दे पर उतारने में वो कुछ नया नहीं कर रहे थे. पूजे जाने वाले किरदारों को प्रेम करता दिखाने के बारे में हार्दिक ने कहा, 'हमारे शास्त्रों में ही दर्ज है कि पहले प्रेम आंखों से शुरू होता था. आंखों से आंखें मिलती थीं, आंखें बातें करती थीं. फिजिकल टच की बाध्यता नहीं थी. हमारे पेरेंट्स के समय पर भी कपल्स का हाथ पकड़ लेना एक बहुत बड़ा मोमेंट था. हमारे भगवानों की प्रेम कहानियों ने हमें सिखाया था कि प्रेजेंस महसूस करो, मैटेरियल में मत जाओ. हमने यही किया है, भगवान कृष्ण के प्रेम में छिपे भावों पर फोकस किया है.'
लेकिन उन्हें डर भी था क्योंकि अपनी पहली फिल्म भवई में उनकी कहानी से कई लोग आहत हो गए थे. भवई में हार्दिक दो रामलीला एक्टर्स की लव स्टोरी लेकर आए थे. जहां लड़का उस रामलीला में रावण का रोल करता था, वहीं लड़की सीता का. इसलिए हार्दिक को भगवान कृष्ण और राधा के अलौकिक प्रेम को दिखाने में भी डर लगा. 'मुझे डर भी लगा था कि भगवान कृष्ण को उनके रोमांटिक अवतार में दिखाना बहुत रिस्क भरा काम है. अपनी पहली फिल्म में भी मैंने ये सब झेला था. लेकिन कृष्णावतारम लिखने के वक्त से ही मैं एक अलग आध्यात्मिक जोन में चला गया था, इसलिए मुझे वो गरिमा की लकीर दिख रही थी, जिससे मुझे सतर्क होकर चलना है.'
कृष्णावतारम देखने के बाद जनता को फिल्म में भगवान कृष्ण का प्रेमी अवतार ही सबसे ज्यादा भा रहा है. शानदार गानों और सुंदर प्रेजेंटेशन के साथ हार्दिक ने राधा-कृष्ण की प्रेम कहानी को बड़े खूबसूरत अंदाज में दिखाया है. लिमिटेड शोज के साथ रिलीज हुई कृष्णावतारम के सॉलिड बिजनेस में इस प्रेम कहानी का बहुत बड़ा रोल है.