टॉप बॉलीवुड एक्ट्रेसेस में से एक कटरीना कैफ मां बनने के बाद जल्द ही कमबैक करने की तैयारी में हैं. लेकिन इस बार कटरीना सिर्फ बड़े पर्दे पर नहीं, बल्कि OTT की दुनिया में भी कमाल करने का प्लान बना रही हैं. आखिरी बार फिल्म मेरी क्रिसमस (2024) में नजर आईं कटरीना ने पिछले साल नवंबर में अपने बेटे विहान को जन्म दिया था. इसके बाद से ही उनके कोई नया प्रोजेक्ट साइन करने की खबर नहीं आ रही थी. अब इंडिया टुडे को सूत्रों ने बताया है कि कटरीना ने फिर से स्क्रिप्ट पढ़ना शुरू कर दिया है और कमबैक के लिए सही प्रोजेक्ट की तलाश में हैं.
सूत्र ने बताया, 'मां बनने के बाद कटरीना कैफ ने दोबारा स्क्रिप्ट्स पढ़ना शुरू कर दिया है. वो 2027 के सेकंड हाफ तक सेट्स पर लौटने की प्लानिंग कर रही हैं. उन्हें एक ऐसी कहानी की तलाश है जो उनका टाइम और मेहनत डिजर्व करती हो. कटरीना OTT प्रोजेक्ट्स में भी दिलचस्पी दिखा रही हैं, जो आजकल एक्टर्स को फिल्मों से भी बेहतर मौके देते हैं.'
इस सूत्र ने यह भी बताया कि कटरीना किसी भी प्रोजेक्ट के लिए जल्दबाजी करने के मूड में नहीं हैं. वो ऐसा किरदार चुनना चाहती हैं, जो एक एक्ट्रेस और मां, दोनों रोल में उनकी प्राथमिकताओं को सूट करता हो.
अगर बात आगे बढ़ती है और कोई प्रोजेक्ट फाइनल होता है, तो यह कटरीना का OTT डेब्यू भी हो सकता है. पिछले कुछ वर्षों में कई बॉलीवुड स्टार्स थिएट्रिकल फिल्मों और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स के बीच अच्छे बैलेंस के साथ काम करते रहे हैं. हालांकि कटरीना अभी तक वेब सीरीज जैसे लंबे डिजिटल फॉर्मेट से दूर ही रही हैं.
कटरीना आखिरी बार विजय सेतुपति के साथ फिल्म मेरी क्रिसमस में नजर आई थीं. जनवरी 2024 में रिलीज हुई इस फिल्म के बाद से ही वो लाइमलाइट से थोड़ी दूर रहीं. नवंबर में जब उनके मां बनने की खबर आई, तो फैंस समझ गए थे कि अब वो कुछ समय बाद ही बड़े पर्दे पर लौटेंगी. अब देखना है कि कटरीना की ये वापसी बॉक्स ऑफिस और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर क्या कमाल दिखाती है.