नीम करोली बाबा की जिंदगी पर आधारित फिल्म हनुमान अंश बॉक्स ऑफिस पर एक जादू करेगी, इसकी कल्पना शायद ही किसी फिल्ममेकर ने की होगी. ये फिल्म इस साल की सबसे सफल हिंदी फिल्म कही जाने वाली धुरंधर को भी पीछे छोड़ चुकी है. 2 करोड़ के बजट में हनुमान अंश 50 करोड़ रुपये का बिजनेस कर चुकी है.
हनुमान अंश का सरप्राइज
इस फिल्म का क्रेज रिलीज के दूसरे हफ्ते के बाद से शुरू हुआ है. थिएटर में इन दिनों यश की पैन इंडिया फिल्म टॉक्सिक लगी हुई है. मगर उसे भी हनुमान अंश धूल चटा रही है. हर दिन इसके शोज बढ़ रहे हैं, अच्छे वर्ड ऑफ माउथ का असर इस फिल्म पर साफ दिखाई दे रहा है. लोगों से मिल रहे इस प्यार का अंजाम अब ये हो चुका है कि हनुमान अंश 2 की तैयारी भी शुरू हो गई है.
वैसे फिल्म के सीक्वल का हिंट इसके क्लाइमैक्स में ही मिल चुका था. जिन लोगों ने हनुमान अंश देखी, वो ये बात जानते हैं कि नीम करोली बाबा की पूरी कहानी सिर्फ इसी एक फिल्म में खत्म नहीं की गई थी. डायरेक्टर ने इसके पार्ट 2 का भी वादा किया था. मगर तब कोई नहीं जानता था कि ऐसा संभव हो भी पाएगा या नहीं. हालांकि अब बॉक्स ऑफिस सक्सेस के बाद, हनुमान अंश का सीक्वल आना पक्का है.
हनुमान अंश 2 में दिखेगी ये कहानी
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट अनुसार, हाल ही में हनुमान अंश की टीम आगरा के मल्टीप्लेक्स में गई थी, जहां उन्होंने थिएटर में बैठी ऑडियंस से मुलाकात की. वहां से निकलने के बाद, फिल्म के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने पार्ट 2 पर कुछ खुलासे किए थे. उन्होंने बताया था कि फिल्म का दूसरा पार्ट बाबा नीम करोली की जन्मभूमि फिरोजाबाद पर फोकस करेगी. फिर उसके बाद, कहानी आगरा-मथुरा में उनकी बिताई जिंदगी को दिखाएगी.
फिल्म हनुमान अंश की बात की जाए, तो जब इसकी अनाउंसमेंट हुई थी, तब ये एक ट्रायलॉजी के रूप में पेश की गई थी. डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी इस फिल्म से बाबा नीम करोली की जिंदगी को तीन हिस्सों में दिखाना चाहते हैं. ये ट्रायलॉजी एक किताब डिवाइन डीटूर से प्रेरित है, जिसे खुद डायरेक्टर ने लिखा था.