scorecardresearch
 

अगला जेम्स बॉन्ड बनेगा यह बॉलीवुड एक्टर? दिग्गज डायरेक्टर शेखर कपूर ने सुझाया नाम

कौन सा एक्टर जेम्स बॉन्ड का मशहूर रोल निभाएगा, उसके नाम की घोषणा अभी तक नहीं हुई है. लेकिन फिल्म निर्माता शेखर कपूर ने बॉलीवुड स्टार जॉन अब्राहम के पक्ष में राय दी है.

Advertisement
X
जेम्स बॉन्ड बनेंगे जॉन अब्राहम? (Photo: X/@TheJohnAbraham)
जेम्स बॉन्ड बनेंगे जॉन अब्राहम? (Photo: X/@TheJohnAbraham)

दुनिया की सबसे मशहूर जासूसी फिल्म फ्रेंचाइजी 'जेम्स बॉन्ड' के फैंस के लिए एक बड़ी खबर आई है. Amazon MGM Studios ने आखिरकार आधिकारिक तौर पर यह साफ कर दिया है कि अगले 007 यानी नए जेम्स बॉन्ड की तलाश शुरू हो चुकी है. चर्चा है कि इस बार मेकर्स बॉन्ड के एक युवा रूप को पर्दे पर उतारने की तैयारी में हैं. इसी बीच मशहूर भारतीय फिल्ममेकर शेखर कपूर ने भी एक सुझाव दे दिया है.

दरअसल पिछले कई महीनों से हॉलीवुड के कई बड़े नामों को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन इसी बीच मशहूर भारतीय फिल्ममेकर शेखर कपूर का मानना है कि बॉलीवुड के एक्शन स्टार जॉन अब्राहम नए जेम्स बॉन्ड के किरदार के लिए सबसे ज्यादा सटीक और दमदार चॉइस साबित हो सकते हैं.

शेखर कपूर ने क्यों चुना जॉन अब्राहम का नाम?
दिग्गज डायरेक्टर शेखर कपूर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X (ट्विटर) पर जॉन अब्राहम की तारीफ करते हुए एक पोस्ट शेयर की. उन्होंने लिखा, 'जैसे-जैसे अगले बॉन्ड की तलाश तेज हो रही है, डैनियल क्रेग के बाद इस रोल के लिए मेरी पहली पसंद जॉन अब्राहम होंगे. जॉन के अंदर वह खास 'shaken not stirred' वाला कूल अंदाज कूट-कूट कर भरा है. वह निश्चित रूप से एक बेहतरीन एक्टर हैं और उनमें बॉन्ड जैसी कशिश और आकर्षण भी है.' 

Advertisement

इसके साथ ही शेखर ने एक दिलचस्प पुराना किस्सा शेयर करते हुए बताया कि जब डैनियल क्रेग को जेम्स बॉन्ड के रूप में कास्ट किया गया था, तब प्रोड्यूसर्स ने उन्हें शेखर कपूर की ही मशहूर हॉलीवुड फिल्म 'एलिजाबेथ' में देखने के बाद शॉर्टलिस्ट किया था.

जॉन अब्राहम ने दिया मजेदार जवाब
शेखर कपूर जैसे बड़े डायरेक्टर से इतनी बड़ी तारीफ मिलने के बाद जॉन अब्राहम भी खुद को रोक नहीं पाए. उन्होंने शेखर कपूर की पोस्ट को री-शेयर करते हुए लिखा, 'सर, आपके इन शब्दों और हौसलाअफजाई के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया. मैं सचमुच सम्मानित महसूस कर रहा हूं. यह बात उस शख्स की तरफ से आई है जिसने न सिर्फ सिनेमा में कहानी कहने के तरीके को बदला, बल्कि दुनिया के देखने से पहले ही डैनियल क्रेग के अंदर के बॉन्ड को पहचान लिया था. यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है.' 

इसके बाद जॉन ने मजाकिया अंदाज में आगे लिखा, 'रही बात बॉन्ड की... तो मैं खुशी-खुशी अभी से अपनी मार्टिनी (मशहूर ड्रिंक) ऑर्डर करने की प्रैक्टिस शुरू कर देता हूं. Shaken, not stirred.'

फिल्म को लेकर क्या हैं नए अपडेट्स?
इस नई जेम्स बॉन्ड फिल्म को लेकर हॉलीवुड के गलियारों में हलचल काफी तेज है. इस बार फिल्म की कमान मशहूर डायरेक्टर डेनिस विलेन्यूव के हाथों में होगी, जबकि इसकी स्क्रिप्ट स्टीवेन नाइट लिख रहे हैं. फिल्म को एमी पास्कल और डेविड हेमैन जैसे बड़े मेकर्स का प्रोडक्शन सपोर्ट मिल रहा है. हालांकि, आधिकारिक तौर पर कास्टिंग शुरू होने से पहले जैकब एलोर्डी, कैलम टर्नर और एरॉन टेलर-जॉनसन जैसे हॉलीवुड स्टार्स के नाम इस रेस में सबसे आगे चल रहे हैं. स्टूडियो ने साफ किया है कि फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट तय नहीं हुई है.

Advertisement

डैनियल क्रेग की विदाई और जॉन का सफर
आपको बता दें कि डैनियल क्रेग ने लगातार 5 फिल्मों में जेम्स बॉन्ड का आइकॉनिक किरदार निभाया था और साल 2021 में आई 'No Time to Die' उनकी आखिरी बॉन्ड फिल्म थी. क्रेग से पहले शॉन कॉनरी, रोजर मूर और पियर्स ब्रॉसनन जैसे दिग्गज इस किरदार को अमर कर चुके हैं.

वहीं अगर जॉन अब्राहम की बात करें तो उन्होंने 1999 में 'ग्लैडरैग्स मैनहंट' जीतकर बतौर मॉडल अपने करियर की शुरुआत की थी. साल 2003 में फिल्म 'जिस्म' से उन्होंने एक्टिंग डेब्यू किया और फिर 2004 में आई 'धूम' के विलेन बनकर वो रातों-रात सुपरस्टार बन गए. 'मद्रास कैफे', 'पठान' और 'बाटला हाउस' जैसी फिल्मों के जरिए जॉन ने खुद को इंडस्ट्री के सबसे बेहतरीन एक्शन स्टार्स में शुमार किया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement