श्रद्धा कपूर की नई फिल्म ईठा का टीजर, सोशल मीडिया पर लीक होने के बाद फाइनली ऑनलाइन रिलीज कर दिया गया है. इस टीजर में श्रद्धा का काम और फिल्म की कहानी किसी भी फिल्म लवर को थिएटर्स तक खींचने का पूरा दम रखती है. ईठा में श्रद्धा, मराठी लोककला में आइकॉन का दर्जा रखने वाली विठाबाई नारायणगांवकर का किरदार निभा रही हैं. उन्हें 'तमाशा क्वीन' भी कहा जाता था. टीजर वीडियो में उनके किरदार में नजर आ रही श्रद्धा का काम ऐसा है कि उनकी परफॉर्मेंस आपके रोंगटे खड़े कर देगी.
ईठा का टीजर एक तमाशा परफॉर्मेंस से शुरू होता है, जिसके टिकट धड़ाधड़ बिक रहे हैं. यह परफॉर्मेंस देखने के लिए दर्शकों की जबरदस्त भीड़ जुट चुकी है. बाकी डांसर स्टेज पर माहौल बना रहे हैं लेकिन थोड़ी देर में यह भीड़ अपनी फेवरेट आर्टिस्ट ईठा को स्टेज पर देखने के लिए बेताब होकर भड़कने लगती है.
दूसरी तरफ ईठा स्टेज के पीछे प्रसव पीड़ा से तड़प रही है. फिर वह बच्चे को जन्म देती नजर आती है. लेकिन आपका मुंह तब खुला रह जाता है जब बच्चे को जन्म देने के तुरंत बाद, ईठा फिर से तैयार होकर स्टेज पर परफॉर्म करने जा रही है. एक आदमी की आवाज उसे चेतावनी दे रही है— 'अरे मर जाएगी!' ये आवाज एक्टर मोहम्मद जीशान अयूब की लगती है.
लेकिन तभी टीजर में श्रद्धा की आवाज में आपको डायलॉग सुनाई देता है— 'पड़े-पड़े मरी तो बेचारी कहलाऊंगी, नाचते हुए मरी तो मिसाल बन जाऊंगी.' इसके बाद हरी साड़ी में ईठा का रोल कर रही श्रद्धा कपूर, धीमे कदमों से स्टेज पर बढ़ती नजर आती हैं. श्रद्धा का यह काम और कहानी का यह सेटअप ऐसा है कि ईठा का टीजर भर देखकर ही आपके रोंगटे खड़े हो सकते हैं. यहां देखें 'ईठा' का टीजर:
ईठा विठाबाई नारायणगांवकर की कहानी है जिन्होंने मराठी लोककला के तमाशा और लावणी परफॉर्मेंस को एक नई ऊंचाई दी थी. 'पान में पान चखना हो तो मीठा, और तूफान को नाचते देखना हो तो ईठा', ईठा की परफॉर्मेंस देखने के लिए दर्शकों का दीवानापन यह लाइन ही परफेक्ट बताती है. उनके जीवन की सबसे महत्वपूर्ण घटनाओं में से एक कहानी टीजर में दिखाई गई है.
अपनी एक परफॉर्मेंस उन्होंने 9 महीने की प्रेग्नेंसी के साथ दी थी. परफॉर्मेंस के बीच उन्हें दर्द शुरू हुआ और उन्होंने अपने बच्चे को जन्म दिया. पत्थर से गर्भनाल काटने के बाद ईठा दोबारा तैयार हुईं और स्टेज पर उन्होंने अपनी परफॉर्मेंस फिर से आगे बढ़ाई. जब दर्शकों ने उनका बेबी बंप गायब देखा और पता किया तो उनकी हिम्मत के बारे में जानकर हैरान रह गए. दर्शकों ने सम्मान के तौर पर उन्हें रेस्ट करने को कहा. तमाशा की कला में योगदान के लिए उन्हें 1957 और 1990 में राष्ट्रपति से मेडल मिले थे.
मराठी इतिहास पर छावा जैसी शानदार फिल्म बना चुके डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर ने ईठा बनाई है. फिल्म में अजय-अतुल का म्यूजिक कितना शानदार है, यह आपको टीजर से ही पता चल जाएगा. लीड रोल कर रहीं श्रद्धा के साथ रणदीप हुडा भी फिल्म में हैं. 28 अगस्त को ईठा और पैन इंडिया सुपरस्टार यश की फिल्म टॉक्सिक में क्लैश होने वाला है.