रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर के प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस जोहरे का नाम एक बड़ी कंट्रोवर्सी में सामने आ रहा है. सैनी को हाल ही में चंडीगढ़ में दर्ज एक यौन उत्पीड़न मामले में गिरफ्तार किया गया. अब सूत्रों ने बताया है कि गिरफ्तारी से कई महीने पहले ही उन्हें एक आंतरिक POSH (प्रिवेंशन ऑफ सेक्सुअल हैरेसमेंट) कमेटी ने जांच में दोषी पाया था. इंडिया टुडे को मिली जानकारी के मुताबिक, इस जांच के बाद धुरंधर 2 से उनके नाम का क्रेडिट हटा दिया गया था. साथ ही, धुरंधर के लेटेस्ट डिजिटल वर्जन से भी उनका नाम साफ कर दिया गया है.
6 महीने चली थी सैनी की इन्वेस्टिगेशन
सूत्रों के अनुसार, आदित्य धर की 'B62 स्टूडियोज' को पिछले साल अक्टूबर में एक महिला की शिकायत मिली थी, जिसके बाद कंपनी ने छह महीने तक इस मामले की गहनता से इन्वेस्टिगेशन करवाई थी. शिकायत मिलते ही एक आंतरिक POSH कमेटी का गठन किया गया था, जिसने शिकायत करने वाली महिला और मामले से जुड़े बाकी लोगों से बात की. इस साल की शुरुआत में डिटेल्ड जांच पूरी होने के बाद कमेटी ने जोहरे पर लगे आरोपों को सही पाया था.
ऑफिशियल प्रोटोकॉल को फॉलो करते हुए, 19 मार्च को रिलीज हुई धुरंधर 2 से सैनी का नाम हटा दिया गया. हालांकि धुरंधर के थिएट्रिकल और शुरुआती OTT वर्जन में उनका नाम दिखाई देता है, लेकिन पिछले हफ्ते नेटफ्लिक्स और जियो हॉटस्टार पर रिलीज हुए 'रॉ एंड अनदेखा' वर्जन के क्रेडिट्स से भी उनका नाम अब हटा दिया गया है.
बता दें कि बीते मंगलवार को चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर-17 थाने में दर्ज एक महिला की शिकायत के आधार पर सैनी एस जोहरे के खिलाफ सेक्शुअल हैरेसमेंट की एफआईआर (FIR) दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था.
'अक्का' से भी हटाया गया प्रतीक शाह का नाम
यह मामला ऐसे वक्त में सामने आया है जब एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में जिम्मेदारी और वर्कप्लेस पर महिलाओं की सुरक्षा और व्यवहार को लेकर चर्चा बेहद तेज है. द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, यश राज फिल्म्स (YRF) ने भी अपनी आने वाली मच-अवेटीड वेब सीरीज अक्का से सिनेमैटोग्राफर प्रतीक शाह का नाम हटा दिया है. उन पर भी कई महिलाओं ने अनुचित व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं.
इस रिपोर्ट में YRF ने ऑफिशियल स्टेटमेंट देते हुए कहा कि प्रतीक शाह इस प्रोजेक्ट पर एक फ्रीलांसर के तौर पर काम कर रहे थे. उनके खिलाफ आरोप तब सामने आए, जब शो पर उनका काम लगभग खत्म हो चुका था. कंपनी ने साफ किया कि वह किसी भी तरह के दुर्व्यवहार के खिलाफ 'जीरो-टॉलरेंस' की नीति रखती है और सेफ वर्कप्लेस माहौल के लिए पूरी तरह कमिटेड है. इसी कड़क पॉलिसी की वजह से सीरीज से प्रतीक का क्रेडिट हटा दिया गया है.
यह भी बताया गया कि शाह का नाम सीरीज के प्रमोशनल मैटेरियल से पहले ही हटाया जा चुका है और उनका नाम शो के एंड क्रेडिट्स (End Credits) में भी कहीं नहीं दिखाई देगा. गौरतलब है कि पिछले साल कई महिलाओं ने सोशल मीडिया पर अपने कड़वे एक्सपीरियंस शेयर करते हुए प्रतीक शाह पर मैनिपुलेट करने और प्रोफेशनल दुर्व्यवहार करने जैसे गंभीर आरोप पब्लिकली लगाए थे.