scorecardresearch
 

धुरंधर जसकीरत ऐसे बना बाजीगर! एक जासूस की जिंदगी का एंथम बना शाहरुख का गाना

धुरंधर 2 के एक खास सीन में अचानक बाजीगर का गाना बजते ही थिएटर्स में जबरदस्त शोर उठा. लेकिन ये गाना सिर्फ फैन सर्विस नहीं था, इसके पीछे कहानी का गहरा मतलब छुपा है. जसकीरत की हार और जीत के इस मोमेंट को समझेंगे, तो आपको इस गाने का असली इमोशनल कनेक्शन भी समझ आएगा.

Advertisement
X
धुरंधर 2 में बाजीगर के गाने का रोल! (Photo: Instagram/@officialjiostudios)
धुरंधर 2 में बाजीगर के गाने का रोल! (Photo: Instagram/@officialjiostudios)

'धुरंधर 2' सिर्फ एक फिल्म नहीं है. ये एक पॉप कल्चर मोमेंट बन चुकी है, जिसकी एक-एक चीज पर जनता की पैनी नजर है. हमजा अली मजारी की पाकिस्तान को खोखला करने की कलाकारी हो, या आउट ऑफ सिलेबस ट्विस्ट लेकर आए जमील जमाली... धुरंधर 2 का हर एक सीन, हर मोमेंट फैन्स जमकर सेलिब्रेट कर रहे हैं. ऐसे में जब धुरंधर 2 के एक बहुत महत्वपूर्ण सीन में शाहरुख खान की फिल्म 'बाजीगर' का टाइटल ट्रैक सुनाई दिया, तो थिएटर्स में जनता क्रेजी ही हो गई!

धुरंधर 2 के हीरो रणवीर सिंह, शाहरुख खान के लिए अपना प्यार-सम्मान जाहिर करते ही रहे हैं. इसलिए बाजीगर का गाना रणवीर के सीन के साथ एक धमाकेदार मोमेंट बन गया. लेकिन ये पूरा सीक्वेंस थोड़ा और खुदाई चाहता है. क्या आपने ये ध्यान दिया कि धुरंधर 2 के उस सीक्वेंस में बाजीगर का गाना क्यों यूज किया गया? (सावधान! आगे फिल्म के तगड़े स्पॉइलर हैं.)

कैसे बाजीगर बना हमजा अली मजारी?
धुरंधर 2 के जिस सीक्वेंस पर बाजीगर का गाना इस्तेमाल हुआ है, उसकी सेटिंग एक जासूस का कैरेक्टर टेस्ट करने वाली है. थोड़ी देर पहले ही हमजा उर्फ जसकीरत का सामना पिंडा (उदयबीर संधू) से हुआ है, जो बचपन में उसका दोस्त था. जसकीरत को डर लगा था कि कहीं पिंडा उसे पहचान न ले. और उस रात की पार्टी में यही होता है. पिंडा का जसकीरत से आमना-सामना हो जाता है. जसकीरत का हाथ कितना भी हल्का हो, है तो वो एक किलिंग मशीन ही, जो फिलहाल भारत के दुश्मनों को निपटाने के मिशन पर है. बचाते-बचाते भी जसकीरत के सामने पिंडा दम तोड़ देता है.

Advertisement

जसकीरत की रियल पहचान न रिवील हो जाए, इसके लिए आलम भाई (गौरव गेरा) आगे आते हैं. वो अपने सिर जिम्मेदारी लेते हैं और कहानी बनती है कि आलम हिंदुस्तानी जासूस है. उसने पिंडा को मारा है. पार्टी में मौजूद एसपी चौधरी असलम (संजय दत्त) का हाथ अगर आलम तक पहुंच गया, तो फिर से प्लान फेल होने का डर है. जसकीरत को अब आलम की जान खुद लेनी ही होगी, यही रास्ता है. और जसकीरत देश के मिशन को ऊपर रखते हुए भड़ाभड़ गोलियां आलम के शरीर में भर देता है.

धुरंधर 2 का ये सीन दिखाता है कि कैसे जासूस जसकीरत जीत गया, उसने देश का एक बेहद महत्वपूर्ण मिशन बचा लिया. लेकिन पिछले दो दशक से अपनेपन को तरसता जसकीरत फिर हार गया. उसने एक झटके में दो दोस्त खो दिए हैं— एक पुराना और एक नया. इमोशनल लेवल पर पूरी तरह एक चक्रवात से गुजरा जसकीरत, शराब और पार्टी के माहौल में खो जाना चाहता है.

सबके सामने चेहरे पर ये नाटक उतारते हुए कि वो हिंदुस्तानी जासूस आलम को मारकर खुशी से सराबोर है. लेकिन अंदर इमोशंस संभल नहीं रहे— एक जासूस जीत गया है, पर एक इंसान हार गया है. पार्टी में ढोल बजाकर गाने गा रहे कलाकार बड़े अलहदा अंदाज में शाहरुख की फिल्म का गाना शुरू करते हैं. आप हारे हुए जसकीरत को देख रहे हैं, पर आपको पता है कि अब उसका देश जीत जाएगा. उसका मिशन जीत जाएगा और वो कुर्बानी जीत जाएगी, जिसके लिए जसकीरत ने खुद को दांव पर लगा दिया है... और हारकर जीतने वाले को बाजीगर कहते हैं.

Advertisement

धुरंधर 2 में ऐसे ही कई मोमेंट्स हैं, जो आदित्य धर और म्यूजिक कम्पोजर शाश्वत सचदेव की जुगलबंदी से यादगार बने हैं. क्या आपने भी फिल्म में ऐसा कोई मोमेंट नोटिस किया है? कमेंट्स में जरूर बताएं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement